इंदौर (मध्यप्रदेश), 22 जुलाई ‘‘नेशनल हेराल्ड’’ अखबार से जुड़े कथित धनशोधन मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ को लेकर इस विपक्षी दल
ने यहां ईडी दफ्तर के सामने लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया।
चश्मदीदों ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के एमटीएच कम्पाउंड की बहुमंजिला इमारत पालिका प्लाजा के सामने जुटे जहां ईडी का उप क्षेत्रीय कार्यालय है।
इन प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नीत केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि ‘‘बदले की राजनीति के तहत’’ पूछताछ के बहाने गांधी को परेशान किया जा रहा है।
चश्मदीदों के मुताबिक कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान ईडी दफ्तर के सामने पर्याप्त पुलिस बल तैनात था और उसने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेड लगा रखे थे।
इससे पहले, नेशनल हेराल्ड मामले में गांधी से पूछताछ के खिलाफ युवा कांग्रेस ने यहां ईडी दफ्तर के सामने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया था। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY