एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | गुरुग्राम: प्रशासन ने बारिश के मद्देनजर जाम से बचने के लिए ‘घर से काम’ करने का परामर्श जारी किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के गुरुग्राम में रातभर रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण जलभराव, यातायात जाम की समस्या को देखते हुए बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन ने कॉर्पोरेट दफ्तरों और निजी संस्थानों को अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने का परामर्श जारी किया।

देश की खबरें | गुरुग्राम: प्रशासन ने बारिश के मद्देनजर जाम से बचने के लिए ‘घर से काम’ करने का परामर्श जारी किया

गुरुग्राम, 10 जुलाई हरियाणा के गुरुग्राम में रातभर रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण जलभराव, यातायात जाम की समस्या को देखते हुए बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन ने कॉर्पोरेट दफ्तरों और निजी संस्थानों को अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने का परामर्श जारी किया।

बुधवार शाम करीब सात बजे शुरू हुई बारिश देर रात तक जारी रही, जिसके कारण बृहस्पतिवार सुबह तक जाम की स्थिति बनी रही।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी परामर्श के अनुसार गुरुग्राम में बृहस्पतिवार सुबह सात बजे तक पिछले 12 घंटे की अवधि में 133 मिलीमीटर बारिश हुई। इसने बताया कि बुधवार शाम साढ़े सात बजे से रात नौ बजे के बीच सबसे तीव्र 103 मिलीमीटर बारिश हुई।

परामर्श में कहा गया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुग्राम के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। इसमें कहा गया है, ‘‘उपरोक्त स्थिति को ध्यान में रखते हुए, जिले के सभी कॉरपोरेट दफ्तरों और निजी संस्थानों को सलाह दी जाती है कि वे अपने कर्मचारियों को 10 जुलाई को घर से काम करने की अनुमति दें ताकि यातायात जाम से बचा जा सके।’’

बुधवार को हुई बारिश के कारण शहर थम सा गया, सड़कें एवं कई रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए और यातायात बाधित हो गया।

झमाझम बारिश से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे का नरसिंहपुर खंड और बसई एवं गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन मार्ग के आसपास के इलाके जलमग्न हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि राजीव चौक के पास पार्किंग स्थल के सामने की सड़क, शीतला माता मार्ग, सदर बाजार, बस अड्डा मार्ग और आसपास की कॉलोनी की सड़कें भी जलमग्न हो गईं।

बसई चौक, खांडसा, संजय ग्राम मार्ग, सोहना रोड, सुभाष चौक और सेक्टर चार, पांच, 12, 13, 22, 23, 30, 31, 40, 45, 47, 48, 51 में भी जलभराव की सूचना मिली। जलभराव के कारण लोगों को शहर में यातायात जाम की परेशानी भी झेलनी पड़ी।

गुरुग्राम यातायात पुलिस ने लोगों को यातायात बाधित होने की सूचना दी। उसने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कल रात से हो रही भारी बारिश के कारण गुरुग्राम में कई जगहों पर जलभराव हो गया है। यातायात जाम और आवाजाही में व्यवधान के कारण सफर में सामान्य से अधिक समय लग सकता है।’’

राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर बुधवार रात नरसिंहपुर से दिल्ली के रजोकरी तक सात से आठ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुभाष चौक पर लगभग 2.5 फुट पानी भर गया और लोग बुधवार आधी रात के बाद दो बजे तक जाम में फंसे रहे।

कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर हालात बयां किए और गुरुग्राम नगर निगम (एमसीजी) के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एमसीजी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘बारिश के पानी की निकासी सुनिश्चित करने के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।’’

अंबाला, हिसार, करनाल, नारनौल, रोहतक, भिवानी और पंचकूला समेत हरियाणा के अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश हुई।

पड़ोसी राज्य पंजाब में भी अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, फरीदकोट, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में बारिश हुई।

दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी बारिश देखने को मिली। बारिश के कारण तापमान में कुछ हद तक गिरावट आई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 10, 2025 01:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).