देश की खबरें | पैरोल पर छूटकर बागपत स्थित आश्रम पहुंचा गुरमीत राम रहीम
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बलात्कार के जुर्म में 20 साल कैद की सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक महीने की पैरोल मिलने के बाद शुक्रवार को रोहतक की सुनारिया जेल से निकलने के बाद बागपत के बरनावा स्थित अपने आश्रम पहुंचा।
बागपत (उत्तर प्रदेश), 17 जून बलात्कार के जुर्म में 20 साल कैद की सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक महीने की पैरोल मिलने के बाद शुक्रवार को रोहतक की सुनारिया जेल से निकलने के बाद बागपत के बरनावा स्थित अपने आश्रम पहुंचा।
पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि राम रहीम एक महीने की पैरोल पर बागपत के बरनावा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम पहुंचा। उन्होंने बताया कि इसके मद्देनजर आश्रम के आसपास सुरक्षा और भी कड़ी कर दी गयी है।
गुरमीत दोपहर करीब 12 बजे आश्रम पहुंचा। इसका प्रसारण उसके आधिकारिक फेसबुक पेज पर किया गया। गुरमीत के आश्रम पहुंचने की सूचना मिलने पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी।
गुरमीत राम रहीम का हरियाणा के सिरसा के बाद देश में दूसरा सबसे बड़ा आश्रम बागपत के बरनावा में स्थित है। अपनी पैरोल अवधि में गुरमीत यहीं रहेगा।
इससे पूर्व, जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह एक महीने की पैरोल मिलने के बाद शुक्रवार की सुबह हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आ गया था।
हरियाणा के कारागार मंत्री रंजीत चौटाला ने बताया कि 30 दिन की पैरोल रोहतक संभागीय आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों की सिफारिश पर दी है।
सिंह 2017 में बलात्कार के मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है।
मंत्री के अनुसार, सिंह ने अपनी याचिका में कहा था कि वह उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा में स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम जाना चाहता है।
मंत्री ने बताया कि पैरोल के लिए मंजूरी दिए जाने से पहले बागपत में प्रशासन से अनुमति ली गई थी।
गौरतलब है कि गुरमीत सिरसा स्थित अपने आश्रम में दो महिलाओं से बलात्कार के जुर्म में 20 साल कैद की सजा काट रहा है। उसे अगस्त 2017 में सीबीआई की विशेष अदालत ने दोषी ठहराया था। डेरा प्रमुख को पिछले साल चार अन्य लोगों के साथ 2002 में डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या की साजिश रचने के लिए भी दोषी ठहराया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)