एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | गुकेश ने 19वें जन्मदिन पर नाकामूरा को हराकर वापसी की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. विश्व चैंपियन डी गुकेश ने अपने 19वें जन्मदिन के मौके पर तीसरे दौर में अमेरिका के दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी हिकारू नाकामूरा को हराकर अपने अंकों का खाता खोला जबकि नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को यहां अर्जुन एरिगेसी को पहली हार का सामना करना पड़ा।

खेल की खबरें | गुकेश ने 19वें जन्मदिन पर नाकामूरा को हराकर वापसी की

स्टेवेंगर (नॉर्वे), 29 मई विश्व चैंपियन डी गुकेश ने अपने 19वें जन्मदिन के मौके पर तीसरे दौर में अमेरिका के दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी हिकारू नाकामूरा को हराकर अपने अंकों का खाता खोला जबकि नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को यहां अर्जुन एरिगेसी को पहली हार का सामना करना पड़ा।

शुरुआती दो दौर में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन और हमवतन अर्जुन एरिगेसी के खिलाफ शिकस्त झेलने वाले गुकेश ने रेपिड और ब्लिट्ज के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक नाकामूरा को समय के दबाव में रखा और 42 चाल में बाजी जीतकर तीन अंक जुटाए।

गुकेश सफेद मोहरों से खेलते हुए छह खिलाड़ियों के इस डबल राउंड रोबिन टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज करके तीन अंक के साथ चीन के नंबर एक खिलाड़ी वेई यी से आगे पांचवें स्थान पर हैं।

गुकेश ने कहा, ‘‘काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं (जीत को लेकर)। मुझे लगता है कि पहले की तुलना में आज मेरा समय प्रबंधन काफी बेहतर था। उसे (नाकामूरा को) कुछ मौके मिले लेकिन कुल मिलाकर मुकाबला अच्छा था।’’

लगातार दो हार के बाद गुकेश के लिए यह शानदार वापसी थी और उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले दो दिन उनके लिए कठिन रहे थे।

गुकेश ने कहा, ‘‘हां, पिछली दो बाजी थोड़ी कठिन थीं। लेकिन आज मैंने इसे एक नए टूर्नामेंट की तरह खेलने की कोशिश की। मुझे खुशी है कि मैं (इस तरह) खेला।’’

अच्छी शुरुआत करने के बाद एरिगेसी को ग्रैंडमास्टर फाबियानो करुआना के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। गत चैंपियन कार्लसन को आर्मागेडोन टाईब्रेक में चीन के वेई यी ने हराया।

करुआना तीन और अंक जुटाकर छह अंक के साथ शीर्ष पर हैं। कार्लसन पांच अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। एरिगेसी और नाकामूरा 4.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं।

टूर्नामेंट की शुरुआत नाकामूरा के खिलाफ हार से करने वाले करुआना लगातार दो जीत के साथ लाइव रेटिंग में एरिगेसी को पछाड़कर दोबारा दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी बन गए हैं।

महिला प्रतियोगिता में दो बार की विश्व रेपिड चैंपियन कोनेरू हंपी और यूक्रेन की अन्ना मुजीचुक छह अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

हंपी ने तीसरे दौर में सफेद मोहरों से खेलते हुए महिला ग्रैंडमास्टर सारा खादेम को हराया।

चीन की जू वेनजुन ने आर वैशाली को आर्मागेडोन टाईब्रेक में शिकस्त दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 29, 2025 11:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).