गुजराती नव वर्ष पर मुख्यमंत्री समेत भाजपा के अन्य नेताओं ने की अमित शाह से मुलाकात
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं ने शुक्रवार को गुजराती नव वर्ष के अवसर पर यहां केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं.
अहमदाबाद, 5 नवंबर : गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं ने शुक्रवार को गुजराती नव वर्ष के अवसर पर यहां केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं. भाजपा के एक नेता ने बताया कि अहमदाबाद के थालतेज इलाके में स्थित शाह के निवास के नज़दीक स्नेह-मिलन कार्यक्रम के लिए एक छोटा मंच बनाया गया है. गुजरात में दीपावली के अगले दिन नव वर्ष मनाया जाता है.
गृह मंत्री अमित शाह अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने के लिए तीन नवंबर से ही अहमदाबाद में है. गुजरात सरकार की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल सुबह शाह के आवास पर गए और केन्द्रीय मंत्री तथा उनके परिवार को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर नये साल की बधाई दी. यह भी पढ़ें : दिवाली के मौके पर मौनी रॉय ने गिराई बिजलियां, सोशल मीडिया पर शेयर की खूबसूरत तस्वीरें
अमित शाह से मुलाकात करने वाले अन्य प्रमुख भाजपा नेताओं में अहमदाबाद-पूर्व के सांसद हसमुखभाई पटेल, अहमदाबाद-पश्चिम के सांसद डॉ किरीट सोलंकी, राज्य के मंत्री जगदीश पांचाल, विधायक बाबूभाई पटेल और राज्य के पूर्व मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा भी शामिल थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 05, 2021 11:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

