देश की खबरें | गुजरात: वेरावल की जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के गिर सोमनाथ जिले स्थित वेरावल की एक अदालत को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। हालांकि, बाद में जांच में यह एक अफवाह साबित हुई क्योंकि परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
वेरावल (गुजरात), सात जुलाई गुजरात के गिर सोमनाथ जिले स्थित वेरावल की एक अदालत को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। हालांकि, बाद में जांच में यह एक अफवाह साबित हुई क्योंकि परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि जैसे ही धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, अदालत परिसर के तीनों भवनों को तत्काल खाली करा लिया गया।
गिर सोमनाथ के पुलिस उपाधीक्षक वी.आर. खेंगर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) और श्वान दस्ते ने अदालत परिसर की गहन जांच की और किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। मामले की आगे जांच की जा रही है।’’
अधिकारियों ने बताया कि बीडीडीएस और श्वान दस्ते के द्वारा परिसर की जांच और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान लगभग एक घंटे तक चला, जिसके बाद अदालत परिसर को पुनः खोल दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब करीब एक महीने पहले गुजरात उच्च न्यायालय को भी इसी तरह का फर्जी धमकी वाला ईमेल मिला था, जिससे न्यायालय का कामकाज प्रभावित हुआ था।
अधिकारियों के अनुसार, राज्य में स्कूलों, होटलों आदि को बम से उड़ाने की फर्जी धमकियों की घटनाओं में हाल के दिनों में वृद्धि देखी गई है।
शनिवार को वडोदरा शहर के एक होटल को भी इसी तरह का फर्जी ईमेल प्राप्त हुआ था।
हाल ही में अहमदाबाद साइबर अपराध पुलिस ने चेन्नई के एक आईटी अभियंता को ऐसे 13 धमकी भरे ईमेल भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 05:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

