देश की खबरें | गुजरात: गोधरा में सड़क इस्तेमाल करने को लेकर दो समुदायों के सदस्यों के बीच झड़प, 10 गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के पंचमहाल जिले के गोधरा कस्बे में एक सड़क के इस्तेमाल को लेकर दो समुदायों के सदस्यों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
गोधरा, छह जून गुजरात के पंचमहाल जिले के गोधरा कस्बे में एक सड़क के इस्तेमाल को लेकर दो समुदायों के सदस्यों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार शाम हुई झड़प में एक व्यक्ति घायल हो गया और पुलिस ने घटना के संबंध में मंगलवार को 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
अधिकारी ने कहा कि कादरखान पठान की शिकायत पर दर्ज की गई एक प्राथमिकी के अनुसार, एक आरोपी मित्रंग परमार और कुछ अन्य व्यक्तियों ने अपने इलाके से गुजरने वाली एक सड़क का उसके द्वारा इस्तेमाल करने पर आपत्ति जतायी।
उन्होंने बताया कि पठान ने दावा किया कि जिस सड़क का वह अक्सर इस्तेमाल करता था, वह रेलवे अंडरपास के निर्माण के लिए बंद थी। अधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वह सोमवार शाम अपनी मोटरसाइकिल पर सड़क से गुजर रहा था, तभी परमार ने इस पर आपत्ति जतायी और उनके बीच बहस हुई।
अधिकारी ने कहा कि झगड़ा बढ़ गया और दोनों समुदायों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।
पथराव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर दो प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें दोनों समुदायों के पांच-पांच आरोपियों को नामजद किया गया है।
उन्होंने बताया कि एक प्राथमिकी में परमार ने पठान और चार अन्य पर गैरकानूनी तरीके से जमा होने, अपशब्द कहने और पिटायी करने का आरोप लगाया है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 335, 504, 143, 149 और 147 के तहत दोनों समुदायों के पांच-पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 06, 2023 03:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

