देश की खबरें | गुजरात भाजपा ने आप के रोडशो को नहीं दी ज्यादा तवज्जो, वाघानी ने केजरीवाल पर कसा तंज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) के शनिवार के रोडशो को अधिक तवज्जो नहीं दी और राज्य के मंत्री जीतू वाघानी ने तंज कसते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ‘‘एक बड़े शहर का मेयर’’ बताया।

अहमदाबाद, दो अप्रैल गुजरात भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) के शनिवार के रोडशो को अधिक तवज्जो नहीं दी और राज्य के मंत्री जीतू वाघानी ने तंज कसते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ‘‘एक बड़े शहर का मेयर’’ बताया।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जैसे आम आदमी पार्टी के नेता पर्यटक थे और रहेंगे क्योंकि गुजरात के लोग सत्तारूढ़ भाजपा से प्यार करते हैं। केजरीवाल और मान दोनों रोडशो में मौजूद थे।

वाघानी ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘गुजरात सभी का स्वागत करता है। लेकिन गुजरात के लोग भाजपा के अलावा किसी और से प्यार नहीं करते हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में, हम 2022 का चुनाव जीतेंगे। वे (केजरीवाल और मान) पर्यटक हैं। उनमें से एक बड़े शहर के मेयर हैं।’’

गुजरात प्रदेश आप के नेता इसुदान गढ़वी ने पलटवार करते हुए कहा, ‘‘आज जब मुख्यमंत्री केजरीवाल और भगवंत मान गुजरात का दौरा कर रहे हैं, तो राज्य के मंत्री जीतू वाघानी ने निम्न स्तर का बयान दिया है और केजरीवाल को मेयर के कद का आदमी बताकर निम्न स्तर की राजनीति की है। इतना अहंकार।’’

गढ़वी ने कहा, ‘‘मेरा मानना ​​है कि उनका बयान अरविंद जी का नहीं बल्कि गुजरात के लोगों, इसकी संस्कृति का अपमान है। समय आने पर लोग इसका जवाब देंगे।’’

केजरीवाल और मान के दौरे के बारे में बात करते हुए, गुजरात भाजपा प्रमुख सी आर पाटिल ने कहा कि भाजपा राज्य में बहुत मजबूत है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए लोगों के प्यार और विश्वास का समर्थन है।

उन्होंने स्थानीय निकाय चुनाव में आप के बड़ी संख्या में उम्मीदवारों की जमानत जब्त होने की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘भाजपा पिछले 27 साल से राज्य में सत्ता में है। लोगों से जुड़ाव के कारण उसने एक के बाद एक चुनाव जीते हैं। तथाकथित बड़े नेताओं (आप के) की गुजरात में कई सीटों पर जमानत जब्त हो गई। यह हम सभी को पता है।’’

पाटिल ने कहा, ‘‘भाजपा मजबूती से आगे बढ़ रही है, जिसे पार्टी कार्यकर्ताओं का लोगों से जुड़ाव और उनका भरोसे का साथ है। हम नरेंद्र मोदी के लिए लोगों के प्यार और विश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\