जरुरी जानकारी | जून में प्रमुख बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर पांच महीनों के शीर्ष पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. देश में आठ प्रमुख ढांचागत उद्योगों की वृद्धि दर जून में पांच महीनों के शीर्ष स्तर 8.2 प्रतिशत पर पहुंच गई। प्राकृतिक गैस और इस्पात क्षेत्रों के अच्छे प्रदर्शन से बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर बेहतर रही।

नयी दिल्ली, 31 जुलाई देश में आठ प्रमुख ढांचागत उद्योगों की वृद्धि दर जून में पांच महीनों के शीर्ष स्तर 8.2 प्रतिशत पर पहुंच गई। प्राकृतिक गैस और इस्पात क्षेत्रों के अच्छे प्रदर्शन से बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर बेहतर रही।

हालांकि सालाना आधार पर बुनियादी उद्योगों के प्रदर्शन में गिरावट दर्ज की गई है। जून, 2022 में प्रमुख बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर 13.1 प्रतिशत रही थी।

वाणिज्य मंत्रालय ने सोमवार को बुनियादी उद्योगों से संबंधित आंकड़े जारी करते हुए कहा कि जनवरी, 2023 के बाद सर्वाधिक वृद्धि दर जून में रही है। जनवरी में इन आठ बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर 9.7 प्रतिशत रही थी जबकि मई में यह पांच प्रतिशत थी।

इसके साथ चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में इन उद्योगों की वृद्धि दर घटकर 5.8 प्रतिशत पर आ गई जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 13.9 प्रतिशत रही थी।

जून के महीने में इस्पात क्षेत्र का उत्पादन 21.9 प्रतिशत बढ़ा जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी वृद्धि दर 3.3 प्रतिशत रही थी। वहीं प्राकृतिक गैस का उत्पादन समीक्षाधीन अवधि में 3.6 प्रतिशत बढ़ा जो जून, 2022 में 1.2 प्रतिशत रहा था।

पिछले महीने कोयला उत्पादन की वृद्धि दर सुस्त पड़कर 9.8 प्रतिशत रह गई जबकि पिछले साल जून में यह 32.1 प्रतिशत बढ़ा था।

रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, सीमेंट और बिजली क्षेत्र की वृद्धि दर जून में क्रमशः 4.6 प्रतिशत, 3.4 प्रतिशत, 9.4 प्रतिशत एवं 3.3 प्रतिशत पर आ गई। एक साल पहले की समान अवधि में इन क्षेत्रों की वृद्धि दर क्रमशः 15.1 प्रतिशत, 8.2 प्रतिशत, 19.7 प्रतिशत एवं 16.5 प्रतिशत रही थी।

आंकड़ों के मुताबिक, कच्चे तेल का उत्पादन सालाना आधार पर 0.6 प्रतिशत गिर गया है।

रेटिंग एजेंसी इक्रा की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर ने कहा कि मॉनसूनी बारिश के आगमन में सुस्ती ने बिजली और कोयला क्षेत्रों के प्रदर्शन को सुधारने में योगदान दिया।

नायर ने कहा, "सामान्य से कम बारिश होने से हमें जून में सालाना आधार पर औद्योगिक उत्पादन सूचकांक की वृद्धि दर चार से छह प्रतिशत रहने की उम्मीद है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\