नयी दिल्ली, 18 मई नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश के तेजी से बढ़ते विमानन क्षेत्र के लिए सरकार एक व्यापक 'गेम प्लान' और त्रिआयामी रणनीति लेकर चल रही है।
सिंधिया ने यहां एक कार्यक्रम में भारतीय विमानन बाजार की संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि घरेलू विमान यात्रियों की संख्या 2014 में छह करोड़ थी लेकिन वर्ष 2019 में यह बढ़कर 14.4 करोड़ हो गई। इस तरह घरेलू यात्रियों की संख्या में सालाना 14.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
अगले साल हैदराबाद में प्रस्तावित ‘विंग इंडिया 2024’ सम्मेलन के सिलसिले में आयोजित कार्यक्रम में सिंधिया ने कहा कि सरकार ने भारतीय विमानन बाजार के लिए त्रिआयामी रणनीति अपनाई है। इसके तहत क्षमता निर्माण, विमानन क्षेत्र से जुड़े पक्षों के लिए गतिरोधों को दूर करने और सरलीकृत प्रक्रियाओं पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश देश में हवाई अड्डों, हेलिपोर्ट एवं वॉटरड्रोम की संख्या को 148 से बढ़ाकर अगले तीन-चार साल में 200 से अधिक करने की है।
इस मौके पर नागर विमानन सचिव राजीव बंसल ने कहा कि भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय वायु संपर्क बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY