जरुरी जानकारी | पेटेंट कार्यालय को नया कलेवर देने में जुटी सरकारः पीएम-ईएसी सदस्य

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (पीएम-ईएसी) के सदस्य संजीव सान्याल ने शुक्रवार को कहा कि सरकार नवोन्मेष को आधिकारिक मान्यता देने से संबंधित पेटेंट आवेदनों में विलंब कम करने के लिए पेटेंट कार्यालय को नया कलेवर देने में जुटी है।

मुंबई, 28 अप्रैल प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (पीएम-ईएसी) के सदस्य संजीव सान्याल ने शुक्रवार को कहा कि सरकार नवोन्मेष को आधिकारिक मान्यता देने से संबंधित पेटेंट आवेदनों में विलंब कम करने के लिए पेटेंट कार्यालय को नया कलेवर देने में जुटी है।

इसके लिए पेटेंट कार्यालयों में नए लोगों की भर्ती और कानूनी ढांचे में बदलाव जैसे तरीकों का सहारा लिया जा रहा है। सरकार ने कर्मचारियों की भर्ती एवं पदोन्नति की प्रक्रिया को भी तेज करने का फैसला किया है।

सान्याल ने यहां बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की तरफ से बौद्धिक संपदा पर आयोजित एक संगोष्ठी में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार पेटेंट देने या निरस्त करने के लिए एक समयसीमा तय करने के बारे में भी विचार कर रही है और इसके लिए कानूनी बदलाव करने पर भी गौर किया जा रहा है।

उन्होंने पेटेंट कार्यालय में अधिक कर्मचारियों की मौजूदगी की वकालत करते हुए कहा कि सरकार के अन्य विभागों से इतर पेटेंट कार्यालय के पास खर्च से अधिक राजस्व होता है लिहाजा इसके पास अधिक कर्मचारी होना समझदारी की बात है।

अर्थशास्त्री डॉ सान्याल ने कहा, "हम पेटेंट देने के पहले ही उस पर आपत्तियों को लेने की तैयारी में हैं। अगर अंतिम स्वीकृति देने के पहले किसी तरह की आपत्ति आती है तो हम उस पर गौर करना चाहेंगे।"

उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर पेटेंट संबंधी कानूनी बदलावों पर नजर रखे हुए हैं। फिलहाल पेटेंट के करीब 1.7 लाख आवेदन लंबित पड़े हुए हैं।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now