देश की खबरें | पटाखा गोदाम विस्फोट में अपने परिवार को खोने वाली 2 वर्षीय बच्ची की शिक्षा का खर्च उठाएगी सरकार:चौहान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि गुजरात के बनासकांठा जिले में एक पटाखा गोदाम में हुए विस्फोट में अपने परिवार को खोने वाली दो वर्षीय बच्ची की शिक्षा का खर्च सरकार उठाएगी।

भोपाल, पांच अप्रैल केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि गुजरात के बनासकांठा जिले में एक पटाखा गोदाम में हुए विस्फोट में अपने परिवार को खोने वाली दो वर्षीय बच्ची की शिक्षा का खर्च सरकार उठाएगी।

चौहान मध्य प्रदेश के देवास जिले के संदलपुर में त्रासदी के पीड़ितों के रिश्तेदारों से मिलने के बाद बोल रहे थे।

इस सप्ताह की शुरुआत में गुजरात के डीसा के पास एक अवैध पटाखा गोदाम में हुए भीषण विस्फोट में पांच बच्चों सहित 21 लोगों की मौत हो गई और छह घायल हो गए। चौहान ने इस घटना को "दिल दहला देने वाला" बताया।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "संदलपुर के दो परिवार पूरी तरह खत्म हो गए हैं। एक परिवार में केवल एक (दो वर्षीय) बच्ची नैना बची है, उसके अलावा उसकी दादी भी है। दूसरे परिवार में कोई नहीं बचा, केवल रिश्तेदार हैं।"

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नैना के लालन-पालन और शिक्षा की उचित व्यवस्था करना समाज और सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा, "मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गुजरात और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों का आभारी हूं कि पीड़ितों के परिवारों का ख्याल रखा जा रहा है। हम नैना की शिक्षा की पूरी व्यवस्था करेंगे। उसके लिए बाल आशीर्वाद योजना के तहत हर महीने पांच हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। उसे डिजिटल कॉन्वेंट स्कूल में मुफ्त शिक्षा मिलेगी।"

चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश और गुजरात सरकार द्वारा दी जाने वाली वित्तीय सहायता को सावधि जमा में रखा जाएगा और नैना के बड़े होने पर यह बढ़कर 75 लाख रुपये हो जाएगी।

इक्कीस पीड़ितों में से दस देवास जिले से थे जो चौहान के विदिशा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now