सूरी (पश्चिम बंगाल), 24 अगस्त पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के हसन से कांग्रेस विधायक मिल्टन राशिद ने सोमवार को प्रदेश के राज्यपाल जगदीप धनखड़ एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से 12 अगस्त को ड्यूटी पर रहने के दौरान मरने वाले सैन्यकर्मी श्रीकृष्ण मंडल के परिजनों को आर्थिक सहायता मुहैया कराने का आग्रह किया है।
राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को लिखे अलग-अलग पत्र में कांग्रेस विधायक ने उनसे मंडल के मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया क्योंकि वह अपने परिवार में कमाने वाले एक मात्र व्यक्ति थे ।
मंडल बीरभूम जिले के कलिठा गांव के रहने वाले थे।
राशिद ने बताया कि सेना में इलेक्ट्रिकल तकनीशियन के तौर पर काम करने वाले मंडल का 12 अगस्त को जम्मू में निधन हो गया था। उनके गांव में 15 अगस्त को उनका अंतिम संस्कार किया गया ।
विधायक ने कहा कि इस साल जून में गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ संघर्ष में शहीद हुये दो सैनिकों के परिजनों को केंद्र एवं राज्य सरकार की तरफ से आर्थिक सहायता मुहैया करायी गयी थी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मंडल के मामले में न तो केंद्र सरकार ने और न ही राज्य सरकार ने इस तरह का कोई कदम उठाया है ।
उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि वह यह सुनिश्चित करें कि दिवंगत मंडल के परिवार के एक सदस्य को नौकरी मिले। विधायक ने राज्यपाल से मंडल के घर का दौरा करने का भी आग्रह किया है ।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में भी विधायक ने राज्यपाल से किये गये आग्रह को दुहराया है और दिवंगत सैन्यकर्मी के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिये जाने की मांग की है ।
उन्होंने मंडल के गांव में उनकी एक प्रतिमा लगाने का भी आग्रह किया है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY