एजेंसी न्यूज

यूक्रेन से छात्रों को लाने के लिए सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाए, ठोस कदम उठाए: कांग्रेस

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को वापस लाने के संदर्भ में अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और ठोस कदम उठाना चाहिए.

यूक्रेन से छात्रों को लाने के लिए सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाए, ठोस कदम उठाए: कांग्रेस
कांग्रेस (Photo Credits: Wikimedia Commons)

नयी दिल्ली, 2 मार्च : कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को वापस लाने के संदर्भ में अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और ठोस कदम उठाना चाहिए. मुख्य विपक्षी पार्टी ने अपनी मांग को लेकर ‘स्पीकअप फॉर अवर स्टूडेंट्स’ हैशटैग से सोशल मीडिया अभियान चलाया और सरकार से आग्रह किया कि वह अपनी विस्तृत रणनीति का खुलासा करे. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘और त्रासदी ना हो, इसके लिए केंद्र सरकार को बताना होगा कि अब तक कितने छात्रों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है? कितने अभी भी यूक्रेन में फंसे हुए हैं? हर क्षेत्र के लिए विस्तृत निकासी योजना क्या है?’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन परिवारों को एक स्पष्ट रणनीति बताना हमारी ज़िम्मेदारी है.’’ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि जब यूक्रेन में भारतीय छात्र बमों और मिसाइलों की जद में हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं. उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘जब यूक्रेन में हज़ारों बच्चे बमों और मिसाईलों के प्रहार के दायरे में हैं...तब उनका (मोदी का) 'आनंद' चुनाव प्रचार में है ? कई दिनों से बंकरों में भूखे प्यासे, खुले आसमान के नीचे बर्फबारी में, भीषण बमबारी में फ़ँसे हज़ारों बच्चों की ज़िन्दगी ख़तरे में क्यों है मोदी जी?’’ कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे हैं- कोरोना काल में भी और युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को बचाने में भी. प्रधानमंत्री जी, प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाइए, भाजपा के प्रचारमंत्री की नहीं.’’ यह भी पढ़ें : मणिपुर में चुनाव ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में सिपाही की जान गई, 11 घायल

उसने कहा, ‘‘भारतीय छात्रों को रोका जा रहा है, भारतीय छात्र भयावह परिस्थितियों से गुजर रहे हैं. भाजपा की कूटनीतिक नाकामी के कारण हमारे सभी छात्रों की सकुशल वापसी सुनिश्चित नहीं हो पाई है. सरकार ठोस कदम उठाए, अपनी जिम्मेदारी निभाए.’’ छात्रों के समर्थन में कांग्रेस सोशल मीडिया अभियान के तहत पार्टी महासचिव अविनाश पांडे ने ट्वीट किया, ‘‘मैं यूक्रेन में मारे गए छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. पिछली सरकार कुवैत-लेबनान आदि से ऐसी स्थिति में विदेशी कूटनीति के उच्च मानक स्थापित कर लोगों को वापस लाई. मैं सरकार से अपील करता हूं कि भारतीयों को यूक्रेन से सकुशल वापस लाया जाए.’’

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा, ‘‘यूक्रेन में भारतीय छात्र बड़ी संख्या में फंसे हुए हैं, एक छात्र की गोलाबारी में जान भी चली गई. भारत सरकार को समय रहते इंतजाम करने चाहिए थे जिससे हमारे छात्रों की सकुशल वापसी मुमकिन हो पाती.’’ रूसी हमले के बाद युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे छात्रों सहित भारतीय नागरिकों को बाहर निकालने के भारत के अभियान ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत पिछले 24 घंटों में भारत के लिए छह उड़ानें रवाना हुई हैं. ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत भारतीयों को जमीनी सीमा चौकियों के जरिए यूक्रेन से निकलने के बाद हंगरी, रोमानिया, पोलैंड और स्लोवाकिया से हवाई मार्ग से स्वदेश लाया जा रहा है.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 02, 2022 03:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).