सरकार ने वाहन उद्योग से संसाधन जुटाने के तरीकों पर सुझाव मांगे
वाहन उद्योग के बड़े अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने क्षेत्र को सरकार के समर्थन का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इसे फिर से खड़ा करने की जरूरत है, क्योंकि अर्थव्यवस्था के लिए यह क्षेत्र काफी महत्वपूर्ण है।
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल सरकार ने वाहन उद्योग के दिग्गजों से संसाधन जुटाने के तौर तरीकों पर सुझाव मांगे हैं। वहीं, वाहन उद्योग संगठनों ने कोविड-19 के प्रभाव से उबरने को वित्तीय पैकेज को लेकर कई मांग की हैं।
वाहन उद्योग के बड़े अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने क्षेत्र को सरकार के समर्थन का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इसे फिर से खड़ा करने की जरूरत है, क्योंकि अर्थव्यवस्था के लिए यह क्षेत्र काफी महत्वपूर्ण है।
इस बैठक में मारुति सुजुकी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी केनिचि आयुकावा, महिंद्रा एंड महिंद्रा के प्रबंध निदेशक पवन गोयनका, हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पवन मुंजाल, वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम के अध्या राजन वढेरा और वाहन कलपुर्जा विनिर्माता संघ (एसीएमए) के अध्यक्ष दीपक जैन ने भाग लिया।
उद्योग के प्रतिनिधियों ने सरकार के समक्ष वाहनों पर माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती और नकदी समर्थन की मांग रखी। इसके अलावा उन्होंने उद्योग में रोजगार, खुदरा बिक्री और आपूर्ति के मुद्दे भी उठाए।
जावड़ेकर ने कहा कि यह उद्योग भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण है और हमें इसे फिर पटरी पर लाना है। उन्होंने कहा कि देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) और विनिर्माण में इस उद्योग का काफी योगदान है। इसके अलावा यह उद्योग बड़े पैमाने पर रोजगार देने के अलावा देश के निर्यात में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मंत्री ने कहा, ‘‘अब हमें आजीविका पर ध्यान केंद्रित करना है। आज हमारी इस पर चर्चा हुई। इसके अलावा हमने कई और मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। मैंने उनसे संसाधन जुटाने पर भी बात की है। संसाधन कैसे जुटाए हैं। मांग करना तो कहानी का एक हिस्सा है, लेकिन संसाधन जुटाने के विभिन्न तरीकों पर सुझाव देना भी महत्वपूर्ण है। यह काफी रचनात्मक बैठक रही। हम इस बैठक से संतुष्ट हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2020 06:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

