देश की खबरें | सरकार विश्वविद्यालयों में कार्यवाहक कुलपति नियुक्त करने पक्ष में नहीं: बंगाल के शिक्षा मंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने कहा कि राज्य सरकार विश्वविद्यालयों में कार्यवाहक कुलपति नियुक्ति करने के पक्ष में नहीं है, क्योंकि राजभवन के इस तरह के निर्णय से ‘विश्वविद्यालयों में अव्यवस्था की स्थिति’ पैदा हो गई है।

कोलकाता, 22 अगस्त पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने कहा कि राज्य सरकार विश्वविद्यालयों में कार्यवाहक कुलपति नियुक्ति करने के पक्ष में नहीं है, क्योंकि राजभवन के इस तरह के निर्णय से ‘विश्वविद्यालयों में अव्यवस्था की स्थिति’ पैदा हो गई है।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस द्वारा गणित के प्रोफेसर बुद्धदेव साव को यादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) का कार्यवाहक कुलपति नियुक्त किए जाने के तीन दिन बाद शिक्षा मंत्री की यह टिप्पणी आई है।

राज्यपाल पर निशाना साधते हुए शिक्षा मंत्री ने सोमवार को कहा कि राज्य द्वारा संचालित या राज्य से सहायता प्राप्त विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति से संबंधित फाइलें राज्यपाल के कार्यालय में ऐसे ही पड़ी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उच्च शिक्षा विभाग द्वारा गठित खोज समितियों की अनुशंसाओं पर विचार नहीं किया जा रहा है। कुलपतियों की नियुक्तियों से जुड़ी फाइलें यूं ही पड़ी रहती हैं। गेंद को एक दूसरे के पाले में डालने का खेल जारी है। राजभवन की कार्रवाई से विश्वविद्यालयों में अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गयी है।’’

यादवपुर विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति के रूप में साव की नियुक्ति के बारे में पूछे जाने पर शिक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘हम अंतरिम कुलपति नियुक्त करने के पक्ष में नहीं हैं। हम विभिन्न विश्वविद्यालयों में स्थायी कुलपति की नियुक्ति चाहते हैं।’’

यादवपुर विश्वविद्यालय को कथित तौर पर रैगिंग और यौन उत्पीड़न के बाद स्नातक प्रथम वर्ष के एक छात्र की मौत को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

बसु ने विश्वास जताया कि छात्रों के ‘अच्छे इरादों’ से रैगिंग रोकने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि छात्रों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\