देश की खबरें | अर्थव्यवस्था को 'डिफॉल्टर काल' की तरफ ले जा रही सरकार : खरगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार देश की अर्थव्यवस्था को ‘डिफॉल्टर काल’ की तरफ ले जा रही है।
नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार देश की अर्थव्यवस्था को ‘डिफॉल्टर काल’ की तरफ ले जा रही है।
उन्होंने एक खबर का हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि जानबूझकर कर्ज न चुकानों वालों का कर्ज बढ़ता जा रहा है।
खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘नरेन्द्र मोदी जी, आपकी सरकार भारत की अर्थव्यवस्था को 'डिफॉल्टर काल' की ओर ले जा रही है! अपने पूंजीपतियों को ‘मुफ्त की रेवड़ियां’ बांटना और आम लोगों की बचत को नष्ट करना आपका एकमात्र एजेंडा रहा है।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या यह सच नहीं है कि मार्च 2019 के बाद से जानबूझकर कर्ज न चुकाने वालों का बकाया 100 करोड़ रुपये प्रतिदिन बढ़ गया है? क्या आपकी सरकार ने पिछले नौ वित्तीय वर्षों में 14.56 लाख करोड़ रुपये का एनपीए माफ नहीं किया है?’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘आपकी सरकार दोषी है-नीरव मोदी, मेहुल चोकसी, विजय माल्या, जतिन मेहता जैसे गंभीर आर्थिक अपराधियों की मदद करना-लूटो और भारत से भाग जाओ! कमरतोड़ मूल्य वृद्धि थोपना, आम लोगों की बचत को डुबाना, भारी आर्थिक विषमता पैदा करना!’’
खरगे ने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया, ‘‘जब हताश किसान मदद के लिए पुकारते हैं, तो भाजपा उनका ऋण माफ करने से इनकार कर देती है, लेकिन जब धनकुबेर मित्र कर्जमाफी चाहते हैं, तो आपकी सरकार एक पल में ऐसा करने के लिए बाध्य हो जाती है!’’
उन्होंने कहा, ‘‘2024 आने दीजिए। भारत के लोग अर्थव्यवस्था पर आपके हर हमले का जवाब देंगे!’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 28, 2023 03:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

