ताजा खबरें | सरकार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर संसद में चर्चा के लिए तैयार
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सरकार ने कहा कि वह पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए समन्वित सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के लिए तैयार है।
नयी दिल्ली, 21 जुलाई संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सरकार ने कहा कि वह पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए समन्वित सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के लिए तैयार है।
लोकसभा में सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले पर 16 घंटे की चर्चा के लिए सहमति दे दी। यह चर्चा अगले सप्ताह होने की संभावना है। हालांकि विपक्ष ने जोर दिया कि यह चर्चा इस सप्ताह ही शुरू होनी चाहिए और इस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जवाब देना चाहिए।
सूत्रों के अनुसार कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में सरकार के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस सप्ताह विदेश दौरे पर जा रहे हैं, इसलिए यदि वह चर्चा के दौरान सदन में मौजूद रहें, तो बहस अगले सप्ताह ही संभव होगी।
विपक्षी सदस्यों ने इस पर विरोध जताया कि सरकार के इस सप्ताह के एजेंडे में इस मुद्दे पर बहस का कोई उल्लेख नहीं है। उन्होंने यह भी मांग की कि गृह मंत्री और रक्षा मंत्री को भी चर्चा के दौरान सदन में उपस्थित रहना चाहिए।
कुछ विपक्षी नेताओं ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और मणिपुर की स्थिति पर भी बहस कराने की मांग की।
गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हुआ है और 21 अगस्त तक इसकी 21 बैठकें होनी हैं।
राज्यसभा में विपक्षी सदस्यों के पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के मुद्दे पर चर्चा की मांग पर सदन के नेता जे पी नड्डा ने कहा कि सरकार ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है।
नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह दावा कि उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम में मध्यस्थता की, देश के लिए ‘‘अपमानजनक’’ है। उन्होंने कहा ‘‘सरकार को इस बारे में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।’’
इस पर उच्च सदन के नेता और भाजपा के वरिष्ठ नेता नड्डा ने कहा कि सरकार इस विषय पर विस्तार से चर्चा के लिए तैयार है और वह किसी भी बहस से ‘‘पीछे नहीं हट रही है’’।
नड्डा ने कहा कि सरकार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा ‘‘यह संदेश कतई नहीं जाना चाहिए कि सरकार आपरेशन सिंदूर पर चर्चा नहीं करना चाहती। हम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की ओर संकेत करते हुए कहा कि आजादी के बाद से आज तक ऐसा कोई अभियान नहीं हुआ जैसा अभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने कहा कि वह इतिहास में नहीं जाना चाहते।
विपक्ष ने दोनों सदनों में नियत कामकाज स्थगित कर ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा की मांग उठाई और विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण कार्रवाई बाधित हुई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 21, 2025 05:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

