देश की खबरें | खेलों को लोकप्रिय बनाने, प्रतिभाओं को सहयोग देने के लिए सरकार कर रही अथक प्रयास: मोदी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 29 अगस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर खेलों में उल्लेखनीय योगदान कर देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार खेलों को लोकप्रिय बनाने और खेल प्रतिभाओं को आवश्‍यक सहयोग देने के लिए अथक प्रयास कर रही है।

उन्होंने सिलसिलेवार टवीट कर कहा इस मौके पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। साथ ही दिग्गज भारतीय हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

यह भी पढ़े | Bank Holidays In September 2020: सितंबर महीने में पड़ रही हैं कई छुट्टियां, देखें RBI द्वारा जारी राज्यवार बैंक हॉलिडे की पूरी लिस्ट.

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय खेल दिवस उन सभी अनुकरणीय खिलाड़ियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों का उत्‍सव मनाने का विशिष्‍ट दिन है, जिन्होंने विभिन्न खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और इसके साथ ही हमारे राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। इन सभी खिलाड़ियों का तप और दृढ़ संकल्प निश्चित तौर पर उत्‍कृष्‍ट है।’’

मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि उनके हॉकी स्टिक से जुड़ा विलक्षण जादू कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है।

यह भी पढ़े | राष्ट्रिय खेल दिवस पर बीजेपी अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने मेजर ध्यानचंद को किया याद, खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं.

उल्लेखनीय है कि ध्यानचंद को हॉकी का बेहतरीन खिलाड़ी माना जाता है। गोल करने की उनमें कमाल की क्षमता थी। उनके खेलने के दौरान भारत ने हॉकी में तीन गोल्ड मैडल (1928, 1932 और 1936) ओलंपिक में जीते थे। यही वह समय था जिसे भारत में हॉकी का स्वर्णिम काल कहा जाता है।

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कामयाबी में उनके परिवारों, कोचों और सहायक कर्मचारियों द्वारा दिए गए उल्‍लेखनीय सहयोग की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत सरकार विभिन्‍न खेलों को लोकप्रिय बनाने के साथ-साथ भारत में खेल प्रतिभाओं को आवश्‍यक सहयोग देने के लिए भी अथक प्रयास कर रही है।’’

मोदी ने इस अवसर पर खेल और फिटनेस व्यायाम के अनगिनत फायदे बताते हुए लोगों से इन्हें अपनी दिनचर्या का अहम हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह मंगल-कामना करता हूं कि सभी लोग प्रसन्‍न और स्वस्थ रहें!’’

आज ही के दिन 1905 में उनका जन्म हुआ था। 29 अगस्त को देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)