देश की खबरें | जल्द ही गोल्फ कार्ट का परिचालन शुरू हो सकता है चांदनी चौक में

नयी दिल्ली, 27 नवंबर चांदनी चौक में लोगों को लाने-ले जाने के लिए जल्द ही इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट का परिचालन शुरू किया जा सकता है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पिछले हफ्ते चांदनी चौक के अपने दौरे के दौरान उपराज्यपाल वीके सक्सेना पुराने दिल्ली के बाजार में पैदल चलने वाले मार्गों की खराब स्थिति पर नाराज हो गए थे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को सड़कों, फुटपाथों और बोलार्डों की गहन सफाई और मरम्मत के निर्देश दिए थे।

एक अधिकारी ने बताया कि उपराज्यपाल के निर्देश के बाद चांदनी चौक में मुख्य सड़क पर इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट का परिचालन शुरू करने का कदम उठाया गया है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भीड़ कम करने का यह तरीका कोई नया नहीं है। उन्होंने बताया कि 2021 में परिवहन विभाग ने चांदनी चौक में पुराने दिखने वाले इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट के परिचालन के लिए अभिरुचि पत्र आमंत्रित किए थे, लेकिन यह परियोजना तब शुरू नहीं हो पाई थी।

अधिकारी ने बताया, “गहन सफाई का काम शुरू हो गया है और एक पखवाड़े में पूरा हो जाएगा। इसके बाद सेंट्रल वर्ज की मरम्मत का काम किया जाएगा। यह सब पूरा हो जाने के बाद, हमारी योजना चांदनी चौक में पैदल यात्रियों के लिए इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट लाने की है।”

अधिकारी ने कहा कि गोल्फ कार्ट की शुरुआत से क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित होगी और सौंदर्य भी बढ़ेगा।

उन्होंने कहा, “ लोगों को लाने- ले जाने के लिए निश्चित संख्या में गोल्फ कार्ट के संचालन की अनुमति होगी। इससे रिक्शा और ई-रिक्शा के चलने से होने वाली भीड़भाड़ कम होगी और लोगों को चलने के लिए जगह भी मिलेगी।”

वर्ष 2021 में, पहले चरण में 11 गोल्फ कार्ट चलाने की योजना थी और उसके बाद धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ाकर 22 करने की योजना थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)