जरुरी जानकारी | सोने में 230 रुपये की बढ़त, चांदी 700 रुपये चढ़ी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में उछाल के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 230 रुपये की बढ़त के साथ 72,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, छह मई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में उछाल के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 230 रुपये की बढ़त के साथ 72,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी।
पिछले कारोबारी सत्र में सोना 72,020 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमत भी 700 रुपये के उछाल के साथ 84,300 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। इससे पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 83,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘विदेशी बाजारों से सकारात्मक संकेत लेते हुए दिल्ली में हाजिर सोना (24 कैरेट) 72,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था जो पिछले बंद भाव से 230 रुपये अधिक है।’’
अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स (जिंस बाजार) में हाजिर सोना 2,312 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था जो पिछले बंद भाव से 11 डॉलर की बढ़त है।
सोने ने सकारात्मक रुख के साथ कारोबार फिर से शुरू किया क्योंकि शुक्रवार को उम्मीद से कमजोर अमेरिकी नौकरी बाजार रिपोर्ट ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा सितंबर में दर में कटौती की संभावनाओं को बढ़ा दिया है।
गांधी ने कहा, यह अमेरिकी डॉलर के लिए नकारात्मक हो गया और सोने की कीमत को 2,300 डॉलर के स्तर से ऊपर चढ़ने में मदद मिली।
चांदी भी बढ़त के साथ 27.05 डॉलर प्रति औंस पर बोली गई। पिछले सत्र में यह 26.55 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी।
इस बीच, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) के वायदा कारोबार में सोना 562 रुपये उछलकर 71,230 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सबसे अधिक कारोबार वाला जून अनुबंध दिन के कारोबार में 71,297 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
इसके अलावा, जुलाई डिलिवरी के लिए चांदी का अनुबंध भी 1,508 रुपये बढ़कर 82,551 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था।
एलकेपी सिक्योरिटीज में जिंस और मुद्रा के उपाध्यक्ष-शोध विश्लेषक जतीन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘निकट भविष्य में सोने के 70,000 से 72,500 रुपये के दायरे में कारोबार करने का अनुमान है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2024 05:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

