जरुरी जानकारी | सोना 1,400 रुपये बढ़कर 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर, चांदी 1,000 रुपये उछली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.
नयी दिल्ली, 16 मई आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की ताजा लिवाली के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 1,400 रुपये बढ़कर 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।
इसी के साथ 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,400 रुपये बढ़कर 96,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई।
बृहस्पतिवार को 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 95,050 रुपये और 94,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
शुक्रवार को चांदी की कीमत भी 1,000 रुपये बढ़कर 98,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 97,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना 50.85 डॉलर यानी 1.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,189.25 डॉलर प्रति औंस रहा था।
एलकेपी सिक्योरिटीज में उपाध्यक्ष एवं शोध विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘अमेरिका, ब्रिटेन तथा चीन जैसे प्रमुख भागीदारों के बीच संभावित व्यापार समझौतों के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव रहा और सोने की कीमत 3,200 डॉलर के आसपास मंडराती रही।’’
त्रिवेदी ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से नरम रुख के संकेत नहीं मिलने और ब्याज दरों में तत्काल कटौती नहीं होने से सर्राफा में खरीदारी की गति सीमित हो गई।
कोटक सिक्योरिटीज की वरिष्ठ उपाध्यक्ष (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा कि बाजार प्रतिभागी अमेरिका के वृहद आर्थिक आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं।
जिंस विशेषज्ञों के मुताबिक, निवेशकों को अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मुक्त बाजार समिति की सदस्य मैरी डेली की टिप्पणी का भी इंतजार है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2025 05:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

