एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सोने में 570 रुपये की तेजी, चांदी में 1,850 रुपये का उछाल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मजबूत वैश्विक रुख के बाद स्टॉकिस्टों और निवेशकों की लिवाली से सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 570 रुपये बढ़कर 78,700 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है।

जरुरी जानकारी | सोने में 570 रुपये की तेजी, चांदी में 1,850 रुपये का उछाल

नयी दिल्ली, 23 दिसंबर मजबूत वैश्विक रुख के बाद स्टॉकिस्टों और निवेशकों की लिवाली से सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 570 रुपये बढ़कर 78,700 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है।

शुक्रवार को सोने की कीमत 78,130 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से मांग बढ़ने से चांदी 1,850 रुपये उछलकर 90,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई।

पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 88,150 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी सोमवार को 570 रुपये बढ़कर 78,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। शुक्रवार को पिछले सत्र में यह 77,730 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

कारोबारियों ने कहा कि चालू शादी-ब्याह के मौसम के लिए स्टॉकिस्टों और आभूषण विक्रेताओं की लिवाली बढ़ने से सोने और चांदी दोनों की कीमतों में तेजी को समर्थन मिला।

विदेशी बाजारों में कॉमेक्स सोना वायदा 6.70 डॉलर प्रति औंस घटकर 2,638.40 डॉलर प्रति औंस रह गया।

मेहता इक्विटीज लिमिटेड के उपाध्यक्ष-जिंस राहुल कलंत्री ने कहा, ‘‘अत्यधिक अस्थिर सत्र में सोने और चांदी की कीमतें एक महीने और साढ़े तीन महीने के निचले स्तर से उबर गईं। डॉलर इंडेक्स और बॉन्ड प्रतिफल में मुनाफावसूली देखी गई, जिससे कीमती धातुओं को समर्थन मिला।’’

हालांकि, एशियाई कारोबारी सत्र में कॉमेक्स चांदी वायदा 0.72 प्रतिशत बढ़कर 30.18 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

मिराए एसेट शेयरखान के बुनियादी मुद्रा और जिंस के एसोसिएट उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह के अनुसार, निकट अवधि में सोने के थोड़े सकारात्मक पूर्वाग्रह के साथ कारोबार करने की उम्मीद है।

सिंह ने कहा कि हालांकि, अमेरिका में तीसरी तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर और खुदरा बिक्री (नवंबर) के शानदार आंकड़े तथा अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आक्रामक रुख से तेजी पर लगाम लगेगी। ईटीएफ प्रवाह भी ज्यादा उत्साहजनक नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 23, 2024 06:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).