एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सीमापार तनाव के बीच सोना एक बार फिर एक लाख रुपये के पार पहुंचा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.

जरुरी जानकारी | सीमापार तनाव के बीच सोना एक बार फिर एक लाख रुपये के पार पहुंचा

नयी दिल्ली, सात मई भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव बढ़ने से मांग में आई तेजी के बीच सोने की कीमतें राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को 1,000 रुपये चढ़कर एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गईं।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने कहा कि दिल्ली के बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,000 रुपये बढ़कर 1,00,750 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। मंगलवार को यह 99,750 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।

सोना इसके पहले 22 अप्रैल को भी 1800 रुपये चढ़कर 1,01,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा था।

भारतीय सशस्त्र बलों ने देर रात पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और पाकिस्तान में मौजूद नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना भी शामिल है।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले महीने हुए आतंकवादी हमले के दो सप्ताह बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत ये हमले किए गए। इस आतंकी हमले में 26 भारतीय नागरिकों की जान गई थी।

वहीं, बुधवार को 99.5 प्रतिशत की शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,050 रुपये बढ़कर 1,00,350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। यह पिछले सत्र में 99,300 प्रति 10 ग्राम पर रही थी।

इसके अलावा, चांदी की कीमतें भी 440 रुपये बढ़कर 98,940 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं। मंगलवार को यह 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम थी।

वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना 62.12 यानी 1.8 प्रतिशत बढ़कर 3,369.65 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं हाजिर चांदी का भाव 1.24 प्रतिशत से घटकर 32.81 डॉलर प्रति औंस हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2025 05:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).