जरुरी जानकारी | अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध गहराने से सोना 6,250 रुपये उछलकर 96 हजार रुपये के पार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय आभूषण और खुदरा विक्रेताओं की भारी मांग के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 6,250 रुपये उछलकर 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 11 अप्रैल स्थानीय आभूषण और खुदरा विक्रेताओं की भारी मांग के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 6,250 रुपये उछलकर 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।
विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका-चीन व्यापार तनाव बढ़ने के बीच मजबूत सुरक्षित निवेश विकल्प के तौर पर मांग बढ़ने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने की कीमत अबतक के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गयी। इससे घरेलू कीमतों को बढ़ावा मिला।
बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 90,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
चार दिनों की भारी गिरावट के बाद 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में 6,250 रुपये की तेजी आई और यह 96,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर को भी पार कर गया। पिछले दिन यह 89,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
वैश्विक रुझानों के अनुरूप चांदी की कीमतों में भी 2,300 रुपये का उछाल आया और इसकी कीमत 95,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 93,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
महावीर जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार को सर्राफा बाजार बंद थे।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 3,237.39 डॉलर प्रति औंस के नए शिखर पर पहुंच गया। बाद में, यह 3,222.04 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
इसके अलावा, एशियाई बाजार में कॉमेक्स सोना वायदा बढ़कर 3,249.16 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया।
कोटक सिक्योरिटीज की सहायक उपाध्यक्ष (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा कि कॉमेक्स सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं। इसका कारण अमेरिका-चीन व्यापार तनाव बढ़ने के बीच सुरक्षित-निवेश विकल्प माने जाने वाले सोने की मांग का बढ़ना है।
इससे पहले, कीमतें दो अप्रैल को 3,200 डॉलर प्रति औंस को पार कर गई थीं, लेकिन बाद में मुनाफावसूली के कारण नीचे आ गईं। बृहस्पतिवार को, ट्रंप प्रशासन ने चीनी वस्तुओं पर 145 प्रतिशत तक शुल्क लगाया, जिसके कारण चीन ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 125 प्रतिशत तक शुल्क लगाया।
चैनवाला ने कहा कि शुल्क युद्धि की बढ़ती चिंताओं और वैश्विक आर्थिक नरमी की आशंका के कारण अमेरिकी डॉलर सूचकांक 100 अंक से नीचे आ गया। इससे सर्राफा कीमतों को और समर्थन मिला।
निवेश बैंकिंग कंपनी यूबीएस के अनुसार, वित्तीय बाजारों में चल रही चिंताओं, जैसे व्यापार और आर्थिक अनिश्चितताएं, मुद्रास्फीति की आशंकाएं, मंदी के जोखिम और भू-राजनीतिक तनाव संभवतः सोने के आकर्षण को बढ़ाते रहेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 11, 2025 07:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

