जरुरी जानकारी | वर्ष 2023-24 में सोने का आयात 30 प्रतिशत बढ़कर 45.54 अरब डॉलर पर पहुंचा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मजबूत घरेलू मांग रहने से देश में सोने का आयात वित्त वर्ष 2023-24 में 30 प्रतिशत बढ़कर 45.54 अरब डॉलर हो गया। शुक्रवार को सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
नयी दिल्ली, 10 मई मजबूत घरेलू मांग रहने से देश में सोने का आयात वित्त वर्ष 2023-24 में 30 प्रतिशत बढ़कर 45.54 अरब डॉलर हो गया। शुक्रवार को सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
वित्त वर्ष 2022-23 में सोने का आयात 35 अरब डॉलर का रहा था।
वाणिज्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस साल मार्च में कीमती धातु का आयात 53.56 प्रतिशत घटकर 1.53 अरब डॉलर रह गया।
स्विट्जरलैंड सोने के आयात का सबसे बड़ा स्रोत है, जिसकी हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत की है। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की आयात में हिस्सेदारी 16 प्रतिशत और दक्षिण अफ्रीका की लगभग 10 प्रतिशत है।
देश के कुल आयात में सोने की हिस्सेदारी पांच प्रतिशत से अधिक रही है। फिलहाल सोने पर 15 प्रतिशत आयात शुल्क लगता है।
सोने का आयात बढ़ने के बावजूद देश का व्यापार घाटा (आयात और निर्यात के बीच का अंतर) पिछले वित्त वर्ष में घटकर 240.18 अरब डॉलर रह गया, जबकि 2022-23 में यह व्यापार घाटा 265 अरब डॉलर था।
चीन के बाद भारत दुनिया में सोने का दूसरा बड़ा उपभोक्ता है। यह आयात मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग को पूरा करता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2024 06:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

