जरुरी जानकारी | कमजोर मांग से सोना 950 रुपये टूटा, चांदी 4,500 रुपये लुढ़की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. आभूषण विक्रेताओं की कमजोर मांग के कारण स्थानीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने का भाव 950 रुपये की गिरावट के साथ 71,050 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
नयी दिल्ली, 29 जुलाई आभूषण विक्रेताओं की कमजोर मांग के कारण स्थानीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने का भाव 950 रुपये की गिरावट के साथ 71,050 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने कहा कि पिछले कारोबारी सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 72,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोना का भाव भी 1,650 रुपये लुढ़ककर 70,700 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। शनिवार को यह 72,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी का भाव भी 4,500 रुपये औंधे मुंह लुढ़ककर 84,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। सिक्का निर्माताओं और औद्योगिक इकाइयों के कमजोर उठान के कारण चांदी में गिरावट आई।
यह 2024 में चांदी की कीमतों में किसी एक कारोबारी दिन में आई सबसे बड़ी गिरावट है। पिछले सत्र में यह 89,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
कारोबारियों ने कहा कि बाजार में आभूषण विक्रेताओं के साथ-साथ खुदरा लिवालों की मांग घटने से सोने की कीमतों में गिरावट आई।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में जिंस शोध के वरिष्ठ विश्लेषक मानव मोदी ने कहा, ‘‘पिछले सप्ताह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में सीमा शुल्क को 15 प्रतिशत से घटाकर छह प्रतिशत करने की घोषणा की, जिसका घरेलू मोर्चे पर असर पड़ा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आयात शुल्क में कटौती के बाद भारत में सोने का प्रीमियम एक दशक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।’’
हालांकि, वैश्विक मोर्चे पर कॉमेक्स में सोना 10.60 डॉलर प्रति औंस की तेजी के साथ 2,438.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
उन्होंने कहा कि इस सप्ताह सभी का ध्यान फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक, अमेरिकी उपभोक्ता भरोसे, कारखाना ऑर्डर और रोजगार बाजार के आंकड़ों पर रहेगा।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक मंगलवार को शुरू होगी और बुधवार को समाप्त होगी।
इसके अलावा, न्यूयॉर्क में चांदी मामूली बढ़त के साथ 28.28 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 29, 2024 07:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

