जरुरी जानकारी | सोना 600 रुपये टूटकर 99,960 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 2,000 रुपये फिसली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की बिकवाली से शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 600 रुपये टूटकर 99,960 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 20 जून कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की बिकवाली से शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 600 रुपये टूटकर 99,960 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।
पिछले बाजार सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,00,560 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
वहीं 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 550 रुपये टूटकर 99,250 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर रहा। बृहस्पतिवार को सोने की कीमत 99,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
शुक्रवार को चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये लुढ़क कर 1,05,200 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रही। बृहस्पतिवार को यह 1,07,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
मेहता इक्विटीज के उपाध्यक्ष (जिंस) राहुल कलंत्री ने कहा, ‘‘चांदी हाल के उच्च स्तर से फिसलकर एक सप्ताह के निम्न स्तर के करीब पहुंच गई है और तीन सप्ताह में पहली बार साप्ताहिक गिरावट की ओर बढ़ रही है। सप्ताह की शुरुआत में तेज उछाल के बाद यह 35.70 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह गिरावट तब आई जब निवेशकों ने इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अन्य जगहों पर घाटे की भरपाई के लिए सर्राफा में अपने सौदों का निपटान किया।’’
कलंत्री ने कहा कि बैंक ऑफ इंग्लैंड ने भी बृहस्पतिवार को अपनी मौद्रिक नीति बैठकों में ब्याज दर स्थिर रखीं, जिससे कीमती धातुओं की बढ़त सीमित रही। हालांकि, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष और रुपये में कमजोर रुख से भी घरेलू बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों को समर्थन मिल रहा है।
वैश्विक बाजार में, हाजिर सोना 16.72 डॉलर प्रति औंस यानी 0.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,353.67 डॉलर पर रहा।
विदेशी बाजारों में हाजिर चांदी 0.77 प्रतिशत गिरकर 36.10 डॉलर प्रति औंस रह गई।
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (शोध विश्लेषक) जतीन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘कारोबारी अमेरिकी अर्थव्यवस्था के घटनाक्रमों पर नजर रखेंगे। व्यापार शुल्क और पश्चिम एशिया में सैन्य भागीदारी अस्थिरता को बढ़ावा देगी। ईरान-इजराइल संघर्ष में अमेरिका की ओर से किसी भी तरह की कमी या गैर-भागीदारी के संकेत सोने पर दबाव बनाए रख सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी ओर, नए सिरे से तनाव बढ़ने से कीमतों को समर्थन मिलेगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 20, 2025 06:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

