जरुरी जानकारी | सोना 500 रुपये टूटकर 87,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर, चांदी 2,100 रुपये फिसली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. आभूषण कारोबारियों की कमजोर मांग और निवेशकों की बिकवाली के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने का भाव 500 रुपये घटकर दो सप्ताह के निचले स्तर 87,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। अखित भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 28 फरवरी आभूषण कारोबारियों की कमजोर मांग और निवेशकों की बिकवाली के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने का भाव 500 रुपये घटकर दो सप्ताह के निचले स्तर 87,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। अखित भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।
पिछले कारोबारी सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 88,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
इस साल अब तक सोने की कीमतें 8,310 रुपये या 10.5 प्रतिशत बढ़कर 87,700 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई हैं, जबकि एक जनवरी को सोने की कीमतें 79,390 रुपये प्रति 10 ग्राम थीं।
99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 500 रुपये टूटकर 87,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इसका पिछला बंद भाव 87,800 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
लगातार तीसरे दिन की गिरावट के बीच चांदी की कीमत भी 2,100 रुपये लुढ़क कर 96,400 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि इसका पिछला बंद भाव 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम था।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के उपाध्यक्ष (जिंस) राहुल कलंत्री ने कहा, ‘‘डॉलर सूचकांक में जोरदार उछाल के कारण सोने और चांदी में एक बार फिर गिरावट आई। अमेरिकी राष्ट्रपति के मेक्सिको और कनाडा पर चार मार्च से लागू होने वाले नए शुल्क की घोषणा ने डॉलर को मजबूत किया, जिससे सर्राफा कीमतों पर दबाव बढ़ गया।’’
जिंस विशेषज्ञों के अनुसार, इसके अलावा, चीन पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत शुल्क लगाने की ट्रंप की घोषणा से इन शुल्क दरों के संभावित स्थगन के बारे में बाजारों में जो उम्मीद बढ़ी थी, वह टूट गयी है।
वैश्विक मोर्चे पर, कॉमेक्स सोना वायदा 21.20 डॉलर प्रति औंस गिरकर 2,874.70 डॉलर प्रति औंस रह गया। साथ ही, हाजिर सोना 15 डॉलर प्रति औंस गिरकर 2,862.53 डॉलर प्रति औंस रह गया।
एबन्स होल्डिंग्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी चिंतन मेहता ने कहा, ‘‘अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से सोने की कीमतों में सुधार हो रहा है... यह संकेत देता है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व अर्थव्यवस्था में लगातार मुद्रास्फीति के दबाव के कारण दरों में कटौती में देरी कर सकता है।’’
एशियाई बाजार में कॉमेक्स चांदी वायदा 1.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 31.72 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 28, 2025 07:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

