एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सोना 450 रुपये चढ़ा, चांदी 1,000 रुपये मजबूत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्टॉकिस्ट की सतत लिवाली के कारण बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 450 रुपये बढ़कर 99,620 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।

जरुरी जानकारी | सोना 450 रुपये चढ़ा, चांदी 1,000 रुपये मजबूत

नयी दिल्ली, तीन जुलाई स्टॉकिस्ट की सतत लिवाली के कारण बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 450 रुपये बढ़कर 99,620 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।

बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 99,170 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 400 रुपये बढ़कर 99,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 98,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

चांदी की कीमत भी बृहस्पतिवार को 1,000 रुपये बढ़कर 1,05,800 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। पिछले सत्र में चांदी 1,04,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

मेहता इक्विटीज के उपाध्यक्ष-जिंस राहुल कलंत्री ने कहा, ‘‘डॉलर इंडेक्स के 3.5 साल के नए निचले स्तर पर आने तथा अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल के दो महीने के निचले स्तर पर आने के बाद सोने और चांदी में तेजी जारी रही।’’

कलंत्री ने कहा, ‘‘इसके अलावा, नौ जुलाई को अमेरिकी व्यापार शुल्क की समयसीमा के बारे में चिंताओं ने भी इसे और सहारा दिया। अगर समय रहते व्यापार समझौते को अंतिम रूप नहीं दिया जाता है, तो उच्च शुल्क वैश्विक वित्तीय बाजारों में अस्थिरता को बढ़ावा दे सकते हैं, जो सर्राफा कीमतों के लिए मददगार होगा।’’

वैश्विक मोर्चे पर, हाजिर सोना 8.21 डॉलर या 0.24 प्रतिशत घटकर 3,348.89 डॉलर प्रति औंस रह गया।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष, शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘निवेशकों को आज दिन में जारी होने वाले महत्वपूर्ण अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़ों का इंतजार रहेगा, जिसमें गैर-कृषि पेरोल (एनएफपी) और बेरोजगारी के आंकड़े शामिल हैं, जो भविष्य में फेडरल रिजर्व के ब्याज दर को लेकर रुख और सर्राफा कीमतों को नई दिशा प्रदान कर सकते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2025 04:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).