एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सोना 500 रुपये टूटा, चांदी में 2,000 रुपये की गिरावट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमत 500 रुपये टूटकर 98,020 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। रुपये में मजबूती के कारण कीमती धातु की कीमत पर अंकुश लगा। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।

जरुरी जानकारी | सोना 500 रुपये टूटा, चांदी में 2,000 रुपये की गिरावट

नयी दिल्ली, 31 जुलाई राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमत 500 रुपये टूटकर 98,020 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। रुपये में मजबूती के कारण कीमती धातु की कीमत पर अंकुश लगा। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।

बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 98,520 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

राष्ट्रीय राजधानी में, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बृहस्पतिवार को 400 रुपये टूटकर 97,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रहा। पिछले सत्र में यह 650 रुपये बढ़कर 98,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

इसके अलावा, बृहस्पतिवार को चांदी की कीमतें 2,000 रुपये टूटकर 1,12,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रही। बुधवार को यह 1,14,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

कच्चे तेल की कम कीमतों और रिजर्व बैंक के संदिग्ध हस्तक्षेप के बीच, रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने अबतक के सबसे निचले स्तर से 22 पैसे सुधरकर 87.58 (अस्थायी) पर रहा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क और रूस से कच्चे तेल की खरीद को लेकर जुर्माना लगाने की घोषणा के बाद रुपया बुधवार को अबतक के सबसे निचले स्तर पर चला गया था।

अमेरिका द्वारा भारतीय आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क की घोषणा के बाद बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 87.80 के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई क्योंकि सकारात्मक अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़ों ने अमेरिकी डॉलर को मजबूत किया। इससे सर्राफा कीमतों पर दबाव बढ़ा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘नवीनतम जीडीपी आंकड़ों से संकेत मिलता है कि दूसरी तिमाही में अमेरिकी अर्थव्यवस्था में वृद्धि हुई है, जिससे ब्याज दरों के दृष्टिकोण को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है।’’

वैश्विक बाजारों में, हाजिर सोना 29.10 डॉलर या 0.89 प्रतिशत बढ़कर 3,304.14 डॉलर प्रति औंस पर रहा।

कोटक सिक्योरिटीज जिंस शोध विभाग के एवीपी, कायनात चैनवाला ने कहा, ‘‘बाजार प्रतिभागी मौद्रिक नीति पर आगे के मार्गदर्शन के लिए व्यक्तिगत उपभोग व्यय (पीसीई) सूचकांक और बेरोजगारी दावों सहित आगामी अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़ों पर बारीकी से नजर रखेंगे।’’

विदेशी बाजार में हाजिर चांदी 2.22 प्रतिशत गिरकर 36.30 डॉलर प्रति औंस रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 31, 2025 07:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).