जरुरी जानकारी | कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सोना 150 रुपये टूटा, चांदी भी रिकॉर्ड स्तर से फिसली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में गिरावट के बीच बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 150 रुपये टूटकर 1,00,560 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है।
नयी दिल्ली, 19 जून अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में गिरावट के बीच बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 150 रुपये टूटकर 1,00,560 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है।
पिछले कारोबारी सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,00,710 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
बृहस्पतिवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 150 रुपये की गिरावट के साथ 99,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया। बुधवार को सोने की कीमत 99,950 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
इसके अलावा, चांदी की कीमत भी रिकॉर्ड स्तर से 1,000 रुपये की गिरावट के साथ 1,07,200 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई। बुधवार को चांदी की कीमत 1,08,200 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गई थी।
वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना मामूली गिरावट के साथ 3,365.90 डॉलर प्रति औंस रह गया।
कोटक सिक्योरिटीज में एवीपी-जिंस शोध कायनात चैनवाला ने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को 4.25-4.50 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखने के निर्णय के बाद अमेरिकी डॉलर में मजबूती के कारण सोने की कीमतें 3,390 डॉलर प्रति औंस से नीचे चली गईं।’’
बुधवार को फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को पूर्वानुमान के अनुसार अपरिवर्तित रखा और अमेरिकी मौद्रिक नीति दृष्टिकोण के लिए अपने आर्थिक अनुमानों को संशोधित किया।
बृहस्पतिवार को 'जूनटीन्थ' के उपलक्ष्य में अमेरिकी बाजार और बैंक बंद रहेंगे।
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक जिंस और मुद्रा जतिन त्रिवेदी के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत रुख पर बाजार की प्रतिक्रिया के कारण सोने में उतार-चढ़ाव रहा, जिसने तत्काल ब्याज दरों में कटौती नहीं करने का संकेत दिया।
त्रिवेदी ने कहा कि फेडरल रिजर्व के आक्रामक रुख के बावजूद, ईरान और इजरायल के बीच चल रहा भू-राजनीतिक तनाव सोने को सुरक्षा प्रदान करता है।
हाजिर चांदी एक प्रतिशत गिरकर 36.37 डॉलर प्रति औंस रह गयी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2025 06:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

