एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सोना 400 रुपये टूटकर 91,250 पर, चांदी में भी गिरावट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.

जरुरी जानकारी | सोना 400 रुपये टूटकर 91,250 पर, चांदी में भी गिरावट

नयी दिल्ली, 21 मार्च वैश्विक बाजारों में कमजोरी और मुनाफावसूली की गतिविधियों के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 400 रुपये की गिरावट के साथ 91,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।

बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना कल 91,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

वहीं, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 400 रुपये की गिरावट के साथ 90,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ जो एक दिन पहले 91,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘व्यापारियों द्वारा मुनाफावसूली और डॉलर में आए सुधार के कारण सोने की कीमतों में गिरावट आई है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पॉवेल द्वारा अमेरिका में वृद्धि की रफ्तार सुस्त होने और मुद्रास्फीति बढ़ने की टिप्पणियों से कीमती धातु में गिरावट आई है।’’

लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रहने के कारण चांदी में भी 1,700 रुपये की गिरावट आई और यह 1,00,300 रुपये प्रति किलोग्राम बोला गया। बृहस्पतिवार को यह 1.02 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना 12.15 डॉलर की गिरावट के साथ 3,032.75 डॉलर प्रति औंस रह गया। कॉमेक्स सोना वायदा 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,036.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

कोटक सिक्योरिटीज में सहायक उपाध्यक्ष (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा, ‘‘कॉमेक्स सोना 3,040 डॉलर प्रति औंस से नीचे है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लगाए सीमा शुल्कों के संभावित प्रभावों और पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण भू-राजनीतिक स्थिति से जुड़ी चिंताओं के कारण सुरक्षित निवेश की मांग होने के कारण इसमें तेज गिरावट सीमित रह सकती है।’’

उन्होंने कहा कि बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है क्योंकि ट्रंप ने हाल ही में कहा है कि व्यापक जवाबी शुल्क और कुछ अतिरिक्त क्षेत्र-विशिष्ट शुल्क दो अप्रैल को लागू हो जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 21, 2025 06:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).