जरुरी जानकारी | सोना 83,800 रुपये की नयी ऊंचाई पर, चांदी 1,150 रुपये मजबूत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मजबूत वैश्विक रुख के बीच बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार दूसरे सत्र में तेजी आई और यह 83,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया।
नयी दिल्ली, 30 जनवरी मजबूत वैश्विक रुख के बीच बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार दूसरे सत्र में तेजी आई और यह 83,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 50 रुपये की तेजी के साथ 83,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए उच्चस्तर पर पहुंच गई। बुधवार को सोना 83,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 50 रुपये की तेजी के साथ 83,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 83,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
इसके अलावा, चांदी की कीमत भी 1,150 रुपये की तेजी के साथ 94,150 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जबकि इसका पिछला बंद भाव 93,000 रुपये प्रति किलोग्राम था।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कॉमेक्स सोना वायदा 23.65 डॉलर प्रति औंस उछलकर 2,817.15 डॉलर प्रति औंस के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीति के बारे में अनिश्चितता अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में एक नई गिरावट का कारण बनती है, जिससे सोने की कीमतों को अपनी यात्रा जारी रखने में मदद मिलती है।’’
गांधी ने कहा कि इसके अलावा, निवेशक अभी भी ट्रंप की व्यापार शुल्क और संरक्षणवादी नीतियों के आर्थिक परिणामों के बारे में चिंतित हैं, जो निवेश विकल्प के रूप में सोने का समर्थन कर रहा है।
निवेशक जोखिमपूर्ण परिसंपत्तियों का निपटान कर रहे हैं क्योंकि वे वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच सुरक्षित पनाहगाह को प्राथमिकता देते हैं। कारोबारियों ने कहा कि इस पृष्ठभूमि में सोना शेयर जैसे अन्य जोखिमपूर्ण परिसंपत्ति वर्गों को पीछे छोड़ रहा है।
एशियाई बाजार घंटों में कॉमेक्स चांदी वायदा भी 2.06 प्रतिशत बढ़कर 32.04 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
बुधवार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को 4.25-4.5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 30, 2025 07:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

