देश की खबरें | ‘गॉड सेंट टैक्स’ ने भारत को एकजुट किया :‘गब्बर सिंह टैक्स’ वाले तंज पर हिमंत ने कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को जीएसटी व्यवस्था को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार की देन और देश की सुरक्षा और क्षमता का वित्तपोषण करने वाला बताया तथा इसे ‘गॉड-सेंट टैक्स’ करार दिया।
गुवाहाटी, नौ मई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को जीएसटी व्यवस्था को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार की देन और देश की सुरक्षा और क्षमता का वित्तपोषण करने वाला बताया तथा इसे ‘गॉड-सेंट टैक्स’ करार दिया।
शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा जीएसटी का पूरा नाम ‘गब्बर सिंह टैक्स’ बताए जाने को भी खारिज कर दिया।
मुख्यमंत्री ने देश में कई ठिकानों पर हमला करने के पाकिस्तान के सभी प्रयासों को विफल करने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की भी सराहना की।
शर्मा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘राफेल लड़ाकू विमान और एस-400 प्रणाली यूं ही नहीं दिखते - वे हमारे करदाताओं की ताकत के बूते बने हैं।’’
उन्होंने फ्रांसीसी लड़ाकू विमान और वायु रक्षा प्रणाली का जिक्र किया, जिसका इस्तेमाल भारत ने पाकिस्तान के साथ जारी सैन्य संघर्ष में किया है।
उन्होंने कांग्रेस द्वारा कर व्यवस्था की आलोचना करने का स्पष्ट संदर्भ देते हुए कहा, ‘‘यही कारण है कि जीएसटी कभी ‘गब्बर सिंह टैक्स’ नहीं था, बल्कि यह ‘गॉड-सेंट टैक्स’ है जो भारत को एकजुट करता है और इसकी सुरक्षा, विकास और क्षमता का वित्तपोषण करता है।’’
राहुल गांधी ने कई मौकों पर जीएसटी को ‘गब्बर सिंह टैक्स’ करार देते हुए आरोप लगाया है कि यह व्यवसायों के लिए कठोर है।
एक अन्य पोस्ट में मुख्यमंत्री ने भारतीय ठिकानों पर हमला करने की पाकिस्तान की कोशिशों और इसे विफल करने में भारतीय सशस्त्र बलों की सफलता का एक ग्राफिक साझा किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)