देश की खबरें | गोवा: पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद व्यक्ति ने पूर्व प्रेमिका की हत्या की, घाट पर फेंका शव

पणजी, एक सितंबर गोवा की राजधानी पणजी में 22-वर्षीय एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या कर दी और उसका शव पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के एक घाट पर फेंक दिया। युवक ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराये जाने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया। गोवा पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने प्रकाश चिंचवाड को अपना गुनाह कबूल करने के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, प्रकाश ने अपनी पूर्व प्रेमिका कामाक्षी नाइक (30) की निकटवर्ती पोरवोरिम में उसके (नाइक के) घर पर बृहस्पतिवार रात को हत्या करने का अपना गुनाह कबूल लिया है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले नाइक ने आरोपी के साथ झगड़े के मद्देनजर बुधवार को मापुसा पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस घटनास्थल से करीब 80 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के अंबोली घाट से नाइक का शव बरामद करने में सफल रही। पुलिस ने बताया कि शव को ले जाने वाले वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक, चिंचवाड का बुधवार को मापुसा शहर में नाइक के साथ झगड़ा हुआ था, जिसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और आरोपी के खिलाफ गैर-संज्ञेय अपराध दर्ज किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने चिंचवाड को चेतावनी देकर छोड़ दिया था और उससे पीड़िता को परेशान न करने को कहा था।

उन्होंने बताया कि हालांकि, आरोपी अगले दिन पीड़िता के फ्लैट पर कथित रूप से जा पहुंचा और उसके बाद दोनों में बहस हो गई, जिसके बाद आरोपी ने महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, उसने बाद में शव को अंबोली घाट पर फेंक दिया।

अधिकारी ने बताया कि हत्या का पता उस वक्त चला जब पीड़िता के परिवार का एक सदस्य उसके घर पहुंचा और वहां खून के धब्बे देखा, जिसके बाद उसने पोरवोरिम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)