एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | गोवा 2024 : सीईओ मां के हाथों बच्चे की हत्या, पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी बनी सुर्खियां

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बीतने जा रहे 2024 के दौरान गोवा में चार साल के बेटे की हत्या के मामले में उसकी मां की गिरफ्तारी की खबर छाई रही, वहीं साल के आखिर में तटीय राज्य के संरक्षक संत माने जाने वाले सेंट फ्रांसिस जेवियर के पवित्र अवशेषों की दस साल में एक बार होने वाली प्रदर्शनी को देखने के लिए दुनिया भर से लोग गोवा पहुंच रहे हैं।

देश की खबरें | गोवा 2024 : सीईओ मां के हाथों बच्चे की हत्या, पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी बनी सुर्खियां

पणजी, 25 दिसंबर बीतने जा रहे 2024 के दौरान गोवा में चार साल के बेटे की हत्या के मामले में उसकी मां की गिरफ्तारी की खबर छाई रही, वहीं साल के आखिर में तटीय राज्य के संरक्षक संत माने जाने वाले सेंट फ्रांसिस जेवियर के पवित्र अवशेषों की दस साल में एक बार होने वाली प्रदर्शनी को देखने के लिए दुनिया भर से लोग गोवा पहुंच रहे हैं।

इस बीच, तटीय राज्य के मामलों में कथित “नौकरी के लिए नकदी” घोटाले ने विपक्ष को मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को निशाना बनाने का अवसर दिया। जमीन हड़पने के आरोपी का पुलिस हिरासत से नाटकीय ढंग से भाग जाना और अन्य घटनाएं भी सुर्खियों में रहीं।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित एक स्टार्ट-अप की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सूचना सेठ को जनवरी में कैंडोलिम के एक सर्विस अपार्टमेंट में अपने चार वर्षीय बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 39 वर्षीय सूचना सेठ के अपने पति के साथ तनावपूर्ण संबंध थे। बच्चे की कथित तौर पर हत्या करने के बाद सूचना सेठ उसके शव को एक बैग में भरकर टैक्सी में पड़ोसी राज्य कर्नाटक ले गई। सूचना सेठ को सात जनवरी को कर्नाटक के चित्रदुर्ग से गिरफ्तार किया गया था।

नवंबर और दिसंबर में राज्य भर में सरकारी नौकरियों के वादे के साथ लोगों को ठगे जाने की शिकायतों की झड़ी लगने के बाद विपक्ष ने सावंत, उनके परिवार और सत्तारूढ़ भाजपा को आड़े हाथ लिया।

शिकायतों के बाद अब तक कम से कम 40 मामले दर्ज किए गए और पुलिस ने कथित “नौकरी के लिए नकदी” घोटाले में कुछ महिलाओं सहित 18 लोगों को गिरफ्तार किया है।

हालांकि, सावंत ने खुद को ‘व्हिसल ब्लोअर’ बताया है, लेकिन कांग्रेस, आप और गोवा फॉरवर्ड पार्टी ने उनकी आलोचना करते हुए दावा किया है कि राज्य में सरकारी नौकरियां बिक रही हैं।

मुख्यमंत्री की पत्नी सुलक्षणा सावंत का नाम भी इस विवाद में आया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह पर कथित घोटाले से उनका नाम जोड़ने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दायर किया है। मामले की सुनवाई जनवरी 2025 के पहले सप्ताह में होनी है।

भूमि हड़पने के कई मामलों में आरोपी सिद्दीकी सुलेमान खान (55) एक कांस्टेबल की मदद से पुलिस हिरासत से भाग निकला और गोवा सरकार विपक्ष की आलोचनाओं के घेरे में आ गई। सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर एक कांस्टेबल को क्राइम ब्रांच का लॉक-अप खोलते और खान को बाहर ले जाते हुए दिखाया गया है। गोवा पुलिस ने कहा कि उन्होंने कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है।

दिल को छू लेने वाले कुछ पल भी राज्य ने इस गुजरते बरस में देखे। गोवा के 30 वर्षीय दिव्यांग टिंकेश कौशिक समुद्र तल से 17,598 फुट ऊंचाई पर स्थित एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचे और उन्होंने धैर्य तथा मानसिक शक्ति की दुर्लभ कहानी लिखी।

जून में, यूक्रेनी व्लॉगर स्वेतलाना हैन्को राज्य में 'वड़ा पाव' का आनंद लेते नजर आईं। एक साथी ग्राहक ने स्वेच्छा से उनके नाश्ते का भुगतान किया और उनके देश को समर्थन देने का वचन दिया, जो रूस के साथ युद्ध लड़ रहा है।

गोवा एक पर्यटक-अनुकूल गंतव्य है और अपनी रात की पार्टियों के लिए जाना जाता है। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक प्रेमेंद्र शेट ने विधानसभा में मांग की कि राज्य में शराब पर प्रतिबंध लगाया जाए ताकि शराब से संबंधित दुर्घटनाओं में जानमाल के नुकसान को रोका जा सके।

लेकिन यह मांग जल्द ही खत्म हो गई क्योंकि न तो उनकी अपनी पार्टी के सहकर्मी और न ही विपक्षी सदस्य शेट से सहमत थे।

साल के आखिर में, तटीय राज्य के संरक्षक संत माने जाने वाले सेंट फ्रांसिस जेवियर के पवित्र अवशेषों की दस साल में एक बार होने वाली प्रदर्शनी के लिए दुनिया भर से लोग गोवा पहुंचने लगे। अधिकारियों को 45 दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान लगभग 80 लाख आगंतुकों के आने की उम्मीद है। 21 नवंबर से शुरू हुई यह प्रदर्शनी पांच जनवरी को समाप्त होगी।

राजनीतिक मोर्चे पर, सावंत ने बार-बार आश्वासन के बावजूद अभी तक मंत्रिमंडल में फेरबदल नहीं किया है। उन्होंने अपनी सरकार की मध्यावधि समीक्षा का भी आश्वासन दिया है, जिसने विधानसभा चुनाव के बाद 2022 में कार्यभार संभाला था।

सूत्रों ने कहा कि राज्य भाजपा इकाई में जनवरी 2025 में नेतृत्व परिवर्तन होने की उम्मीद है। भाजपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष सदानंद शेत तनावड़े को बदला जा सकता है। वह अब राज्यसभा सदस्य की भूमिका में हैं।

कांग्रेस राज्य में प्रमुख विपक्षी दल की भूमिका निभा रही है, लेकिन अपने दो विधायकों के साथ आम आदमी पार्टी ने सरकार के खिलाफ कई सार्वजनिक मुद्दों को संयुक्त रूप से उठाते हुए खुद की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव 2025 के उत्तरार्ध में होने हैं। ‘आप’ नेताओं ने जोर देकर कहा है कि भाजपा के पक्ष में वोटों के विभाजन को रोकने के लिए विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) को भारत तटीय राज्य में अपने प्रयास जारी रखने चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 25, 2024 11:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).