ग्लेनमार्क ने कोरोना वायरस मरीजों पर फैविपिराविर के तीसरे चरण के चिकित्सकीय परीक्षण की शुरुआत की
कंपनी को इसके लिए पिछले महीने ही भारतीय औषिधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) से मंजूरी मिल चुकी है।
नयी दिल्ली, 12 मई दवा कंपनी ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स ने मंगलवार को कहा कि उसने कोरोना वायरस मरीजों पर अपनी वायरस-रोधी दवा फैविपिराविर का तीसरे चरण का चिकित्सकीय परीक्षण शुरू कर दिया है। कंपनी इससे इन मरीजों पर अपनी दवा के असर का पता लगाएगी।
कंपनी को इसके लिए पिछले महीने ही भारतीय औषिधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) से मंजूरी मिल चुकी है।
कंपनी ने मंगलवार को एक बयान में कहा वह देश में पहली ऐसी कंपनी है जो कोरोना वायरस के मरीजों पर फैरिपिराविर का तीसरे चरण का चिकित्सकीय परीक्षण करेगी।
कंपनी ने कहा कि चिकित्सकीय परीक्षण शुरू हो चुका है और 10 से अधिक प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों को इसके अध्ययन के लिये पंजीकृत किया गया है।
ग्लेनमार्क को उम्मीद है कि उसका अध्ययन जुलाई-अगस्त 2020 तक पूरा हो जायेगा।
कंपनी को परीक्षण के दौरान इलाज के लिये अधिकतम 14 दिन और अध्ययन के लिये अधिकतम कुल 28 दिन की अनुमति मिली है।
कंपनी की उपाध्यक्ष और चिकित्सकीय विकास (वैश्विक विशेषज्ञता/ब्रांडेड पोर्टफोलियो) की प्रमुख मोनिका टंडन ने कहा कि कंपनी के भीतर और बाहर दोनों जगह कई चिकित्सा और स्वास्थ्य विशेषज्ञ कोविड-19 के मरीजों पर फैविपिराविर के असर को देखने का इंतजार कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि इस अध्ययन का परिणाम अहम होगा क्योंकि अभी कोरोना वायरस का कोई इलाज मौजूद नहीं है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 04:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

