जरुरी जानकारी | ग्लेनमार्क, एफडीसी ने विनिर्माण मुद्दों के कारण अमेरिका में अपने उत्पादों को वापस मंगाया

नयी दिल्ली, 17 फरवरी अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएसएफडीए) ने कहा है कि दवा कंपनियां ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स और एफडीसी लिमिटेड विनिर्माण संबंधी कुछ समस्याओं के कारण अमेरिकी बाजार में अपने उत्पादों को वापस मंगा रही हैं।

अपनी नवीनतम प्रवर्तन रिपोर्ट में, अमेरिकी स्वास्थ्य नियामक ने कहा कि मुंबई मुख्यालय वाली ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स की एक अमेरिका स्थित अनुषंगी कंपनी अमेरिकी बाजार में एक निश्चित संख्या में जेनेरिक उच्च रक्तचाप की दवा को वापस मंगा रही है।

नियामक ने कहा कि न्यू जर्सी स्थित ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स इंक यूएसए, अमेरिका में 25 मिलीग्राम और 12.5 मिलीग्राम की ताकत वाली कार्वेडिओल टैबलेट को वापस मंगा रही है।

यूएसएफडीए ने कहा कि एफडीसी लिमिटेड ग्लूकोमा के उपचार के लिए एक दवा की 1,18,104 बोतलें वापस मंगा रहा है।

दवा कंपनी ने औरंगाबाद स्थित अपने संयंत्र में उत्पादित टिमोलोल मैलेट ऑप्थेल्मिक सॉल्यूशन यूएसपी के प्रभावित लॉट को वापस मंगाया है।

यूएसएफडीए ने कहा कि यह वापसी ‘दोषपूर्ण कंटेनर’ के कारण की गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)