चंडीगढ़, 23 मार्च कांग्रेस की पंजाब इकाई के पूर्व प्रमुख सुनील जाखड़ ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की पार्टी के ‘जी-23’ समूह के नेताओं के साथ हो रही बैठकों के बारे में बुधवार को कहा कि ''असंतुष्टों को बहुत ज्यादा भाव'' देने से दूसरे असंतुष्टों के हौसले बुलंद होंगे।
उन्होंने कहा, ''असंतुष्टों को 'बहुत ज्यादा' भाव देने से न केवल दूसरे असंतुष्टों के हौसले बुलंद होंगे, बल्कि इससे पार्टी कार्यकर्ता भी हतोत्साहित होंगे।''
उन्होंने ट्वीट किया, ''झुक कर सलाम करने में क्या हर्ज है मगर सर इतना मत झुकाओ कि दस्तार गिर पड़े।''
इस ट्वीट के साथ उन्होंने सोनिया गांधी की ‘जी-23’ नेताओं के साथ हो रही बैठकों से संबंधित कुछ समाचार पत्रों की कतरन भी पोस्ट की।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुलाम नबी आजाद से मुलाकात के कुछ दिनों बाद मंगलवार को दिल्ली में अपने आवास पर आनंद शर्मा एवं मनीष तिवारी समेत ‘जी 23’ समूह के कुछ नेताओं के साथ बैठक कर पार्टी के आंतरिक मुद्दों को हल करने बारे में चर्चा की थी।
आने वाले दिन में कांग्रेस अध्यक्ष समूह के और नेताओं के साथ भी बैठक कर सकती हैं।
‘जी 23’ समूह पार्टी में संगठनात्मक बदलाव और सामूहिक नेतृत्व की मांग कर रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY