एजेंसी न्यूज

कोविड-19 संक्रमण के दो मामले सामने आने पर गाजीपुर मंडी दो दिनों के लिये बंद

एक अधिकारी ने बताया कि गाजीपुर कृषि उत्पाद विपणन समिति (एपीएमसी) के दो वरिष्ठ अधिकारियों के कोराना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

कोविड-19 संक्रमण के दो मामले सामने आने पर गाजीपुर मंडी दो दिनों के लिये बंद
जमात

नयी दिल्ली, 14 मई दिल्ली सरकार ने कोविड-19 के दो मामले सामने आने पर बृहस्पतिवार को गाजीपुर फल एवं सब्जी मंडी को दो दिनों के लिये बंद कर दिया। इस अवधि में इस थोक बाजार को संक्रमण मुक्त किया जाएगा।

एक अधिकारी ने बताया कि गाजीपुर कृषि उत्पाद विपणन समिति (एपीएमसी) के दो वरिष्ठ अधिकारियों के कोराना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है जब गाजीपुर मंडी में कोविड-19 के मामले सामने आये हैं।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले आजादपुर फल एवं सब्जी मंडी से कोविड-19 के कम से कम 16 मामले सामने आये थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘गाजीपुर मंडी को दो दिनों के लिये बंद कर दिया गया है, जिस दौरान पूरी मंडी को संक्रमण मुक्त किया जाएगा। एपीएमसी कार्यालय भी सील कर दिया गया है।’’

उन्होंने कहा कि एक निगरानी टीम ने एपीएमसी के दोनों संक्रमित अधिकारियों के संपर्क में आये लोगों का पता लगाना शुरू कर दिया है और 11 कर्मियों की शुक्रवार को कोविड-19 संक्रमण की जांच की जाएगी।

एपीएमसी ने सरकार से बाजार में सभी व्यापारियों और मजदूरों की कोविड-19 संक्रमण जांच कराने का अनुरोध किया है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य जसमीत सिंह ने कहा कि मंडी को नियमित रूप से संक्रमण मुक्त किया जा रहा है, लेकिन यह फैसला लिया गया है कि बाजार के अंदर दुकानों को पूरी तरह से संक्रमण मुक्त किया जाना चाहिए।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस की एक टीम मंडी में लोगों की अनावश्यक आवाजाही पर चौबीसों घंटे नजर रखने के लिये तैनात की गई है।

गाजीपुर मंडी में करीब 450 दुकानें हैं और वहां 2,500 से अधिक लोग काम करते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2020 09:07 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).