देश की खबरें | गाजियाबाद: पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में दर्ज दर्जनों मामलों में वांछित दो खूंखार अपराधी शनिवार तड़के अलग-अलग मुठभेड़ में मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश), 28 मई राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में दर्ज दर्जनों मामलों में वांछित दो खूंखार अपराधी शनिवार तड़के अलग-अलग मुठभेड़ में मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. ने कहा, ''पुलिस टीम ने तड़के करीब चार बजे इंदिरापुरम थाना इलाके में अवनीश उर्फ बिल्लू दुजाना को घेर लिया। वह बाइक पर सवार था और उसने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया।''

एक लाख रुपये के ईनामी बदमाश अवनीश ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस कांस्टेबल संदीप भी गोलीबारी में घायल हो गए जबकि एसपी (अपराध) दीक्षा शर्मा व दो अन्य अधिकारी बाल-बाल बच गए।

पुलिस के अनुसार तीनों अधिकारियों की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोलियां लगीं। उन्हें चोट नहीं आई। दुजाना के खिलाफ हत्या और जबरन वसूली समेत कई मामले दर्ज हैं।

वहीं, लगभग एक घंटे बाद 15 किलोमीटर दूर मधुबन बापूधाम थानांतर्गत एक पुलिस चौकी के निकट दो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी। अतिरिक्त पुलिस बल को मुठभेड़ स्थल पर बुलाया गया, जिसने इलाके को घेर लिया। दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई और एक बाइक सवार को गोली लग गई। घायल बदमाश राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरा बदमाश भाग गया। घटना में पुलिस कांस्टेबल नीरज घायल हो गए।

अधिकारी ने कहा कि राकेश दुजाना के खिलाफ 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now