एजेंसी न्यूज

फुटबाल लीग शुरू करने को प्रतिबद्ध हैं जर्मनी, इंग्लैंड, इटली और स्पेन

डायनेमो दूसरी डिवीजन का क्लब है और उसकी टीम में कोरोना वायरस के दो मामले पाये जाने के बाद उसके खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को 14 दिन तक अलग थलग रहने के लिये कहा गया है।

फुटबाल लीग शुरू करने को प्रतिबद्ध हैं जर्मनी, इंग्लैंड, इटली और स्पेन

कोरोना वायरस के कारण यूरोप की अधिकतर लीग पिछले दो महीनों से ठप्प पड़ी हैं। जर्मनी की बुंदेसलीगा वापसी करने वाली महाद्वीप की पहली लीग हो सकती है। वह डायनेमो ड्रेसडेन की टीम को पृथकवास पर भेजे जाने के बावजूद 16 मई से खाली स्टेडियमों में सत्र शुरू करने को लेकर प्रतिबद्ध है।

डायनेमो दूसरी डिवीजन का क्लब है और उसकी टीम में कोरोना वायरस के दो मामले पाये जाने के बाद उसके खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को 14 दिन तक अलग थलग रहने के लिये कहा गया है।

बुंदेसलीगा के सीईओ क्रिस्टियन सीफर्ट ने कहा, ‘‘‘‘यह कोई ऐसा कारण नहीं है जिससे सारे सत्र पर सवालिया निशान लग जाए। मैं पहले ही यह मानकर चल रहा था कि ऐसा हो सकता है। हम अभी टूर्नामेंट फिर से आरंभ करने की शुरुआत में है। ’’

बुंदेसलीगा के मैच खाली स्टेडियम में खेले जाएंगे और दोनों टीमों के खिलाड़ियों सहित 300 लोगों को रहने की अनुमति दी जाएगी। मैचों से पहले सभी टीमों को एक सप्ताह के पृथकवास प्रशिक्षण शिविर में बिताना होगा।

यूरोप की शीर्ष पांच लीग में शामिल स्पेन, इंग्लैंड और इटली भी वापसी की योजनाओं पर काम कर रहे हैं लेकिन फ्रांस ने अपना सत्र समाप्त घोषित कर दिया है।

इंग्लिश प्रीमियर लीग को जून में सत्र शुरू होने की उम्मीद है जो अगस्त तक चलेगा। लेकिन ब्राइटन फुटबाल क्लब के तीसरे खिलाड़ी को शनिवार को कोविड-19 से संक्रमित पाया गया और उसे पृथकवास पर भेज दिया गया है। कुछ अन्य क्लबों के खिलाड़ियों को भी संक्रमित पाया गया है।

इसके बावजूद प्रीमियर लीग के प्रतिनिधियों की सोमवार को बैठक होगी जिसमें लीग फिर से शुरू करने की योजना पर चर्चा की जाएगी। इसमें खाली स्टेडियमों और तटस्थ स्थानों पर मैच खेलने के अलावा खिलाड़ियों के अनुबंध को बढ़ाने पर चर्चा होगी।

स्पेन में पहली और दूसरी डिवीजन के पांच खिलाड़ियों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है लेकिन इसके बावजूद उसकी योजना ला लिगा को 12 जून से शुरू करने की है।

ला लिगा के अध्यक्ष जेवियर टेबास ने कहा है कि स्पेनिश लीग ने वापसी को लेकर अपनी योजना नहीं बदली है और यह 12 जून से शुरू हो सकती है।

टेबास ने लीग के प्रसारक मूवीस्टार को दिये गये साक्षात्कार में कहा, ‘‘हम 12 जून को शुरुआत करना चाहते हैं लेकिन यह कई चीजों पर निर्भर करेगा। अगर हम स्वास्थ्य और सुरक्षा उपायों का पूरा पालन करते हैं तो मुझे नहीं लगता कि हमें किसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ेगा।’’

इटली में सेरी ए क्लबों के खिलाड़ियों ने इस सप्ताह व्यक्तिगत अभ्यास शुरू कर दिया है जबकि सैंपडोरिया के चार और फियोरेनटिना के तीन खिलाड़ियों को संक्रमित पाया गया है।

सेरी ए क्लबों को समूह में अभ्यास करने के लिये 18 मई तक इंतजार करना होगा लेकिन इटली के खेल मंत्री ने कहा कि मैचों की शुरुआत के लिये कोई निश्चित तिथि निर्धारित नहीं की जा सकती है।

पुर्तगाल में शीर्ष क्लब विटोरिया गुइमारेस के तीन खिलाड़ियों को संक्रमित पाया गया है। वहां की सरकार ने हालांकि पहली डिवीजन की लीग को 30 अप्रैल से मैच खेलने की अनुमति दे दी है। मैच खाली स्टेडियमों में खेले जाएंगे।

एएफपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2020 10:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).