मई में बहाल हो सकते हैं जर्मन फुटबाल बुंडेस्लिगा के मैच, विरोध जारी

जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल की सरकार धीरे धीरे देश भर से बंदिशें हटा रही है । फुटबाल के दीवाने जर्मनी में बुंडेस्लिगा की बहाली से नये उत्साह का संचार होने की उम्मीद है । इसके मैच 13 मार्च से बंद पड़े हैं ।

इसके साथ ही यह यूरोप की पहली लीग हो जायेगी जिसके मैच बहाल होंगे । जर्मनी में सार्वजनिक रूप से लोगों के एकत्र होने पर 31 अगस्त तक प्रतिबंध है लेकिन ये मैच दर्शकों के बिना कराये जायेंगे ।

इसके 18 क्लब सामाजिक दूरी का पालन करते हुए अभ्यास के लिये लौट आये हैं ।

लीग 30 जून तक सत्र पूरा करना चाहती है ताकि टीवी प्रसारण अधिकारों की अगली किश्त मिल सके जो करीब 32 करोड़ डॉलर से अधिक है ।

आलोचकों का कहना है कि जर्मनी में कोरोना महामारी से 4500 मौतें हो चुकी है और इसके 140000 मामले सामने आये हैं , ऐसे में फुटबाल शुरू कराना सही नहीं है ।

एक समूह ने क्लबों पर लालची होने का आरोप लगाते हुए कहा ,‘‘ महामारी के बीच में खेल शुरू कराना बाकी समाज का मजाक है । इस समय फुटबाल से भी जरूरी चीजें हैं ।’’

एएफपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)