एजेंसी न्यूज

जर्मन नागरिक दिल्ली हवाई अड्डे पर 50 दिनों से अधिक समय तक रहने के बाद एम्सटर्डम रवाना हुआ

यह जर्मन नागरिक 18 मार्च को हनोई से दिल्ली के रास्ते इंस्ताबुल जा रहा था। लेकिन भारत ने कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए 18 मार्च को तुर्की के लिए अपना उड़ान परिचालन निलंबित कर दिया, इसलिए यह व्यक्ति दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल तीन पर फंस गया। जर्मनी में उसका आपराधिक रिकार्ड है।

जर्मन नागरिक दिल्ली हवाई अड्डे पर 50 दिनों से अधिक समय तक रहने के बाद एम्सटर्डम रवाना हुआ
जमात

नयी दिल्ली, 12 मई कोरोना वायरस लॉकडाउन के बीच 18 मार्च से यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई के ट्रांजिट क्षेत्र में फंसा एक जर्मन नागरिक मंगलवार को तड़के केएलएम एयरलाइंस की उड़ान से एम्सटर्डम के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह जर्मन नागरिक 18 मार्च को हनोई से दिल्ली के रास्ते इंस्ताबुल जा रहा था। लेकिन भारत ने कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए 18 मार्च को तुर्की के लिए अपना उड़ान परिचालन निलंबित कर दिया, इसलिए यह व्यक्ति दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल तीन पर फंस गया। जर्मनी में उसका आपराधिक रिकार्ड है।

दिल्ली हवाई अड्डे के संचालक ‘डायल’ के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ इस विदेशी नागरिक ने एम्सटर्डम के लिए केएलएम उड़ान पर अपने लिए बुकिंग कराने का फैसला किया और वह 12 मई को तड़के यहां से रवाना हो गया।’’

वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने बताया कि इस जर्मन नागरिक ने स्वास्थ्य जांच फार्म में दिल्ली हवाई अड्डे के ट्रांजिट क्षेत्र को अपना स्थानीय पता बताया क्योंकि उड़ान से रवाना होने से पहले यह कॉलम भरना जरूरी था।

उन्होंने बताया कि जर्मनी में उसके आपराधिक रिकार्ड ने चीजें और जटिल बना दीं और उसे ट्रांजिट क्षेत्र में 50 से अधिक दिनों तक रूकना पड़ा। उसने स्वदेश जाने से मना कर दिया था और भारत सरकार उसे अंतरिम वीजा देना नहीं चाहती थी।

अधिकारियों के अनुसार, ट्रांजिट क्षेत्र में ठहरने के दौरान दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के कर्मियों ने उसे भोजन एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करायीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 09:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).