देश की खबरें | गहलोत ने मणिपुर के हालात को लेकर मोदी व शाह पर साधा निशाना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा।
जयपुर, 10 अगस्त राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा।
गहलोत ने दावा किया कि मणिपुर जैसा वर्ग संघर्ष अगर आने वाले पांच-दस साल में देश में कहीं और फैल गया तो कोई कुछ नहीं कर पाएगा।
गहलोत ने यहां मीडिया से कहा, ‘‘(प्रधानमंत्री) मोदी जी और (गृह मंत्री) अमित शाह जी इतिहास नहीं बना रहे हैं... (कांग्रेस नेता) राहुल गांधी ने (संसद में) कहा कि आप भारत माता की हत्या कर रहे हो... इसके मायने होते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक पूरा प्रदेश मणिपुर जल रहा है, वर्ग संघर्ष हो गया है। आप कल्पना करो कि अगर यह वर्ग संघर्ष कभी पांच साल दस साल बाद देश के हर कोने-कोने में फैल गया ...जिस तरह का माहौल बना दिया आज (केंद्र) सरकार ने और वह माहौल बढ़ता बढ़ता उस दिशा में चला गया तो चाहे केंद्र सरकार हो, उनकी सेना हो, राज्य सरकारें हों, उनकी पुलिस हो... कोई कुछ नहीं कर पाएगा, जैसे मणिपुर में कोई कुछ नहीं कर पा रहा है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘देश में हालात बड़े गंभीर हैं। अगर देशवासी व प्रदेशवासी नहीं समझे तो वे भुगतेंगे। अगर हिंसा होगी और इसका शिकार कोई भी परिवार हो सकता है हर व्यक्ति को ये बात दिमाग में रखनी चाहिए।’’
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को लेकर राजस्थान सरकार पर निशाना साधने को लेकर भाजपा नेताओं पर पलटवार किया और दावा किया कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यों में अधिक अपराध हो रहे हैं।
महिलाओं को नि:शुल्क स्मार्टफोन देने की ‘इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना’ की शुरुआत करने के बाद गहलोत ने यह भी कहा कि पुलिस महिलाओं व बच्चियों से छेड़छाड़ में शामिल पाए जाने वाले लोगों की सूची बनाएगी ताकि ऐसे लोगों को सरकारी नौकरियों से प्रतिबंधित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा बृहस्पतिवार को इस बारे में दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
इन निर्देशों के अनुसार, महिलाओं एवं बालिकाओं से छेड़छाड़ एवं छींटाकशी या अन्य अवांछित कृत्य करने वालों के विरुद्ध परिवाद के आधार पर निरोधात्मक कार्रवाई में चालान होने पर उनके चरित्र सत्यापन में इसका उल्लेख किया जाएगा।
राजस्थान में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हालिया कार्रवाई पर मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि जिन राज्यों में चुनाव होने वाले होते हैं, वहां ईडी और आयकर विभाग की कार्रवाई बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा, ''अगर (किसी ने) बेईमानी की है... चोरी की है... गलत काम किया तो उसे हथकड़ी लगाओ, जेल भेजो मुझे कोई ऐतराज नहीं, लेकिन इन एजेंसियों के अधिकारियों को गृह मंत्रालय द्वारा निर्देश दिया जाता है।’’
गहलोत ने कहा, ‘‘हम क्यों चिंता कर रहे हैं, आने दो इनको। जब मैंने कहा कि मैं तो मोदी जी से बड़ा फकीर हूं तो वे क्या कर लेंगे यहां आकर?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)