देश की खबरें | गहलोत ने स्वतंत्रता सेनानियों को घर पहुंच कर किया सम्मानित

जयपुर, 14 अगस्त राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के घर पहुंचे और उन्हें कच्चे सूत की माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

गहलोत सबसे पहले मानसरोवर के दादूदयाल नगर स्थित स्वतंत्रता सेनानी रामू सैनी के घर पहुंचे और उनका सम्मान किया।

मुख्यमंत्री ने सैनी के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र के आगे दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने निवारू रोड पर गणेश नगर स्थित स्वतंत्रता सेनानी उमराव सिंह के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उन्हें माला व शॉल पहनाकर तथा श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। गहलोत ने उनके आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

इसी तरह गहलोत सी-स्कीम स्थित स्वतंत्रता सेनानी सुभद्र कुमार पाटनी के यहां भी पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में इन स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इन्होंने अपनी जवानी में स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया और आजादी की लड़ाई लड़ी।

उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनकी बदौलत ही हम आज आजादी की हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा कर्तव्य है कि आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले जो स्वतंत्रता सेनानी आज भी जीवित है, हम उनके घर पहुंचकर उनका सम्मान करें।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों से मिलकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पर मुख्यमंत्री का तिरंगा फहराकर तथा मालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री ने लोगों से मिलकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)