देश की खबरें | गहलोत ने राजस्थान को ‘शर्मसार’ कर दिया: भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की हाल की विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य को ‘बदनाम और शर्मसार’ कर दिया है।

नयी दिल्ली, 19 जुलाई राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की हाल की विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य को ‘बदनाम और शर्मसार’ कर दिया है।

पार्टी ने यह दावा भी किया कि कांग्रेस का हर विधायक अधिकारियों के तबादले और तैनाती को नियंत्रित करता है इसलिए अपराध की घटनाओं से जुड़े मामलों में कार्रवाई की संभावना समाप्त हो जाती है।

यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा मुख्यमंत्री के गृह जिले जोधपुर में पिछले दिनों एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई लेकिन गहलोत इस प्रकरण पर पर्दा डालने की कोशिश करते रहें।

उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में जितनी भी बलात्कार और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं हुईं, विशेष तौर से दलित महिलाओं के साथ, उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके पीछे भी वह (गहलोत) विचारधारा और तुष्टिकरण की नीति देख रहे हैं। अशोक गहलोत को लग रहा है कि मेरा वोट बैंक खिसक जाएगा। लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि वहां जो भी घटनाएं महिलाओं, दलितों और आदिवासी समाज के साथ हो रही हैं, उससे आपका वोट बैंक खिसक चुका है।’’

मेघवाल ने कहा, ‘‘जिस तरीके से राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराघ की घटनाएं हो रही हैं और कांग्रेस तथा गहलोत सरकार की ऐसे मामलों में जो नीति रही है...तुष्टिकरण और वोट बैंक की नीति के चलते उन्होंने राजस्थान को आज अशांत, बदनाम और शर्मसार कर दिया है।’’

उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था का हाल यह है कि कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा ने बयान दिया है कि वह खुद सुरक्षित नहीं महसूस करतीं।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के राज में कांग्रेस के विधायक ही डर रहे हैं तो फिर जनता का क्या होगा।’’

मेघवाल ने आरोप लगाया, ‘‘गहलोत राजस्थान में बिगड़ती कानून व्यवस्था का मुख्य कारण हैं। वह कहते रहते हैं कि विधायकों ने उनकी सरकार बचा ली है। इससे उनका समर्थन करने वाले विधायक खुद मुख्यमंत्री की तरह व्यवहार कर रहे हैं। वे पुलिस और यहां तक कि जिला कलेक्टरों समेत अधिकारियों के स्थानांतरण और तैनाती को नियंत्रित करते हैं। वे भ्रष्ट हो गए हैं।’’

मेघवाल ने दावा किया कि भाजपा सुशासन और विकास की पक्षधर है जबकि कांग्रेस की प्राथमिकता तुष्टिकरण और वोट बैंक है।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी मानहानि के मामले में उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने की उनकी याचिका गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के विरोध में 'मौन व्रत' रखती है लेकिन अपराधों के ऐसे गंभीर मामलों पर कुछ नहीं करती।

भाजपा की राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि राजस्थान महिलाओं के साथ होने वाले अपराध में नंबर एक बन चुका है।

उन्होंने कहा, ‘‘जो वीरभूमि है वहां अब रोज बलात्कार की 17 से 18 घटनाएं होती हैं, सात हत्याएं रोजाना होती हैं। एक महिला होने के नाते बहुत पीड़ा होती है कि आज वीरांगनाओं की धरती शर्मसार है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\