जरुरी जानकारी | एलएनजी आपूर्तिकर्ता से मुआवजा मिलने से गेल का मुनाफा तीसरी तिमाही में 36 प्रतिशत बढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक क्षेत्र की गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही का शुद्ध लाभ 36 प्रतिशत बढ़ा है।
नयी दिल्ली, 30 जनवरी सार्वजनिक क्षेत्र की गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही का शुद्ध लाभ 36 प्रतिशत बढ़ा है।
कंपनी ने बताया कि करार होने के बावजूद माल की आपूर्ति नहीं करने के लिए एक विदेशी एलएनजी आपूर्तिकर्ता से मिले मुआवजे के कारण उसे एकमुश्त लाभ हुआ।
भारत की सबसे बड़ी गैस परिवहन और विपणन कंपनी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 3,867.38 करोड़ रुपये का एकल शुद्ध लाभ दर्ज किया। एक साल पहले इसी अवधि में यह आंकड़ा 2,842.62 करोड़ रुपये था।
समीक्षाधीन तिमाही में गेल का परिचालन राजस्व 34,957.76 करोड़ रुपये पर लगभग स्थिर रहा। इस दौरान सभी तीन प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों - प्राकृतिक गैस और एलपीजी परिवहन सेवाएं, प्राकृतिक गैस विपणन और पेट्रोरसायन- ने पिछले साल के समान राजस्व की सूचना दी।
गेल को रूसी ऊर्जा कंपनी गैजप्रोम की एक पूर्व इकाई से मुआवजे के रूप में 2,440.03 करोड़ रुपये की असाधारण आय हुई।
चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में कंपनी का शुद्ध लाभ 39 प्रतिशत बढ़कर 9,263.29 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी के निदेशक मंडल ने बृहस्पतिवार को अपनी बैठक में 6.50 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का अंतरिम लाभांश घोषित किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 30, 2025 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

