एजेंसी न्यूज

गैस रिसाव : प्रधानमंत्री ने स्थिति की समीक्षा की, आंध्रप्रदेश को हर तरह की मदद का आश्वासन दिया

प्रधानमंत्री ने गैस रिसाव होने के बाद उत्पन्न हालात के मद्देनजर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की बैठक की अध्यक्षता की और स्थिति की समीक्षा की ।

गैस रिसाव : प्रधानमंत्री ने स्थिति की समीक्षा की, आंध्रप्रदेश को हर तरह की मदद का आश्वासन दिया
जमात

नयी दिल्ली, सात मई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक रासायनिक संयंत्र में बृहस्पतिवार को हुए गैस रिसाव मामले के कारण उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की और प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया ।

प्रधानमंत्री ने गैस रिसाव होने के बाद उत्पन्न हालात के मद्देनजर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की बैठक की अध्यक्षता की और स्थिति की समीक्षा की ।

प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, बैठक में मोदी ने प्रभावित लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ आपदा से प्रभावित स्थल को सुरक्षित करने के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में विस्‍तार से चर्चा की। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और जी. किशन रेड्डी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्‍सा लिया।

प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि उन्होंने गृह मंत्रालय और एनडीएमए के अधिकारियों से स्थिति के संबंध में बात की है जो स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं ।

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं सभी की सुरक्षा और विशाखापत्तनम के कुशलक्षेम की प्रार्थना करता हूं । ’’

पीएमओ के ट्वीट के अनुसार, मोदी ने विशाखापत्तनम की स्थिति पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी से बात की और उन्हें हर तरह की मदद और समर्थन देने का आश्वासन दिया ।

मोदी की अध्यक्षता में एनडीएमए की बैठक के बाद कैबिनेट सचिव ने जमीनी स्थिति के प्रबंधन में सहायता के लिए विशिष्ट चरणों की योजना तैयार करने के वास्ते गृह मंत्रालय, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन, रसायन विज्ञान पेट्रो रसायन, औषधि, सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिवों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की । बैठक में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव भी मौजूद थे।

बयान के अनुसार, यह फैसला किया गया कि पुणे से एनडीआरएफ की सीबीआरएन (केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एंड न्यूक्लियर) इकाई की एक टीम, राष्ट्रीय पर्यावरण इंजीनियरिंग अनुसंधान संस्थान (एनईईआरआई), नागपुर की एक विशेषज्ञ टीम के साथ, संकट के प्रबंधन में राज्य सरकार की सहायता के लिए तुरंत विशाखापट्टनम जायेगी और रिसाव के दीर्घकालिक और अल्‍पकालिक चिकित्सा प्रभाव के समाधान के लिए उपाय करेगी।

इसमें कहा गया है कि राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए विशाखापत्तनम में सीबीआरएन जवानों के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को तुरंत तैनात कर दिया गया। एनडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तत्काल बाहर निकाला। पुणे से एनडीआरएफ की विशेष सीबीआरएन इकाई और नागपुर से एनईईआरआई विशेषज्ञ टीम, विशाखापत्तनम रवाना हो चुकी है। इसके अलावा, डीजीएचएस चिकित्सा विशेषज्ञों को विशेष चिकित्सा सलाह प्रदान करेंगे।

गौरतलब है कि विशाखापत्तनम में आज तड़के एक रासायनिक संयंत्र से गैस रिस कर करीब पांच किलोमीटर के दायरे में गांवों में फैल गई, जिससे कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई तथा लगभग 1,000 लोगों को सांस लेने में तकलीफ सहित अन्य दिक्कतें हो रही हैं। राज्य सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 09:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).